International Maths Olympiad : अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत का चौथा स्थान, जानिए ये होता क्या है?
International Maths Olympiad : इंग्लैण्ड के बाथ (Bath, England) में 65 वें अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड का आयोजन किया गया।
International Maths Olympiad
International Maths Olympiad : नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (International Maths Olympiad 2024) में भारत ने 4 स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है और इसी के साथ भारत विश्व में चौथे स्थान पर आया है। 1989 के बाद यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स ट्वीट कर ओलंपियाड में शामिल युवाओं को बधाई दी है। आइए जानते हैं अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड के बारे में और जानते हैं कैसा रहा भारत का प्रदर्शन...।
इंग्लैण्ड के बाथ (Bath, England) में 65 वें अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इसमें भारत के 6 छात्रों ने भाग लिया था। भारत ने इस गणित ओलंपियाड में चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। इस ओलंपियाड में भारत 1989 से हिस्सा ले रहा है और यह रैंकिंग के साथ - साथ मेडल जीतने में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर ट्वीट करते हुए कहा कि, "यह बेहद खुशी और गर्व की बात है कि भारत ने अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है। हमारे दल ने 4 स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। यह उपलब्धि कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी और गणित को और भी लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी।"
ये छात्र हुए थे IMO 2024 में शामिल :
अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में हाई स्कूल के आदित्य मंगुडी (ग्रेड 11), आनंद भादुड़ी (ग्रेड 12), कनव तलवार (ग्रेड 10) और रुशिल माथुर (ग्रेड 12) ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं अर्जुन गुप्ता (ग्रेड 12) ने सिल्वर जीता और सिद्धार्थ चोपड़ा (ग्रेड 12) ने सम्मानजनक उल्लेख प्राप्त किया।
गणित ओलंपियाड के तीन शीर्ष देश :
अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में प्रथम स्थान अमेरिका, दूसरा स्थान चीन और तीसरा स्थान दक्षिण कोरिया को हासिल हुआ। टोटल 167 स्कोर के साथ भारत चौथे स्थान पर आया है। बता दें कि, तीसरे स्थान पर आने वाले दक्षिण कोरिया, भारत से सिर्फ एक अंक ज्यादा लाया है। मैथ ओलंपियाड में अमेरिका स्कोर 192 था। अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में दुनिया भर के 108 देशों ने भाग लिए था।
अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड क्या है ?
अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (IMO) हाई स्कूल के छात्रों के लिए गणित की एक विश्व चैम्पियनशिप प्रतियोगिता है। IMO को दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता माना जाता है। यह साल 1959 से दुनिया भर के विभिन्न देशों में आयोजित की जाती रही है। G20 में शामिल सभी देशों सहित 100 से अधिक देश इसमें भाग लेते हैं। हर देश ओलंपियाड में अधिकतम 6 छात्रों की एक टीम, साथ ही एक टीम लीडर, एक डिप्टी लीडर और पर्यवेक्षक भेजता है।