SwadeshSwadesh

लोकसभा चुनाव परिणामों को लेकर सभी राज्यों को किया हाई अलर्ट

Update: 2019-05-22 13:55 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे गुरुवार को आने वाले है, केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने  मतगणना के दौरान हिंसा होने की आशंका को देखते हुए सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों को सतर्क किया है कि किसी भी स्थिति में चुनाव परिणाम प्रभावित नहीं होने चाहिए।

गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कानून, व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए कहा है। राज्यों को मतगणना के लिए बने स्ट्रॉन्ग रूम और स्थानों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय करने के लिए कहा गया है। लोकसभा चुनाव के मतों की गणना कल यानी 23 मई को सुबह 8 बजे से होगी।

मंत्रालय का यह निर्देश विभिन्न हलकों से हिंसा उकसाने और वोटों की गिनती में व्यवधान पैदा करने से जुड़ी कॉल और बयानों के मद्देनजर आया है।

गृह मंत्रालय का अलर्ट ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है वोट की रक्षा के लिए जरूरत पड़े तो हथियार भी उठाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री और बिहार में बीजेपी के सहयोगी राम विलास पासवान ने कुशवाहा की चेतावनी पर जवाब दिया कि ऐसा होने पर जैसे को तैसा होगा।

कुशवाहा ने कहा था, 'कर्पूरी ठाकुर के समय बूथ लूट की घटना होती थी। वो कहते थे जिस तरह से हमारे लिए रोटी है, इज्जत है उसी तरह से वोट है। इस वोट को कोई लूटना चाहे तो हाथ में अस्त्र-शस्त्र उसे रोकने के लिए उठाना चाहिए। आज बूथ लूट की घटना तो नहीं है, लेकिन रिजल्ट लूट की जो कोशिश हो रही है। हम कर्पूरी ठाकुर के पदचिन्हों पर चलने वाले लोग हैं।

अगर ऐसी कोई कोशिश हुई तो हम कहेंगे कि इस साजिश को रोकने के लिए हथियार भी उठाना हो तो उठाना चाहिए।' इसके अलावा मंगलवार को बिहार के बक्सर से निर्दलीय उम्मीदवार ने बंदूक दिखाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रामचंद्र सिंह यादव ने खून-खराबे की धमकी दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने रामचंद्र यादव के आवास पर छापा मारा।

Similar News