SwadeshSwadesh

दिल्ली में कांग्रेस की करारी हार, 70 में 67 सीटों पर जब्त हुई जमानत

Update: 2020-02-11 12:33 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को एक बार फिर से करारा झटका लगा। पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। इसके अलावा 70 विधानसभा सीटों में कांग्रेस के 67 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। मालूम हो कि कांग्रेस दिल्ली में लगातार 15 साल सरकार चला चुकी है।

जिन तीन सीटों पर कांग्रेस जमानत बचाने में कामयाब हुई है, वो सीट गांधी नगर, बादली और कस्तूरबा नगर है। वहीं, चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा भी अपनी जमानत को नहीं बचा सकीं। अलका आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई हैं।

बता दें कि करारी शिकस्त का सामना करने वाली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। कांग्रेस ने कहा कि वह जनादेश स्वीकार करती है और राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के नवनिर्माण का संकल्प लेती है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की और भाजपा एवं आम आदमी पार्टी पर ध्रुवीकरण का आरोप लगाया।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, 'जनता ने अपना जनादेश दे दिया। जनादेश कांग्रेस के विरूद्ध भी दिया है। हम कांग्रेस और डीपीसीसी की तरफ से इस जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम निराश नहीं हैं। कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और नए सिरे से मजबूत करने का संकल्प दृढ़ हुआ है। कांग्रेस के कार्यकर्ता और साथी का हम धन्यवाद करते हैं। हम नवनिर्माण का संकल्प लेते हैं।'

आम आदमी पार्टी 60 से ज्यादा सीटों पर जीत की ओर है। शाम पांच बजे तक आए रुझानों में आम आदमी पार्टी 63 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा बीजेपी को सिर्फ सात सीटों पर बढ़त हासिल है। कांग्रेस को किसी भी सीट पर जीत नहीं मिल सकी। जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हनुमान जी ने दिल्ली पर कृपा बरसाई है और उनके कृपा से ही अगले पांच साल सरकार चलाएंगे। उन्होंने हनुमान जी को धन्यवाद दिया और खुद को दिल्ली का बेटा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दिल्ली की जीत नहीं, बल्कि पूरे भारत की जीत है।  

Tags:    

Similar News