SwadeshSwadesh

गठबंधन : राहुल ने फिर जताई उम्मीद, लोकसभा में साथ देगी बसपा

Update: 2018-10-05 08:30 GMT

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां कहा कि बहुजन समाज पार्टी से भले ही विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन नहीं हो सका है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के साथ गठबंधन हो जाएगा।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने भी स्वयं इस ओर इशारा किया है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग हैं। राहुल ने कहा कि राज्यों में भले ही गठबंधन नहीं बन पाया हो लेकिन लोकसभा के लिए गठबंधन जरूर बन जाएगा।

वर्तमान में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा का सीधा मुकाबला है। यहां कांग्रेस सत्ता में लौटने के लिए हरसंभव कोशिश में लगी है। इसी संबंध में पार्टी बसपा के साथ गठबंधन चाहती है। दोनों पार्टियों के बीच मध्य प्रदेश में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी।

मायावती का आरोप है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह गठबंधन नहीं होने देना चाहते। कांग्रेस नेता कमलनाथ का कहना है कि 2013 में महज 6 प्रतिशत वोट पाने वाली बसपा राज्य की 250 सीटों में से 50 सीटों की मांग कर रही थी। कई स्थानों पर वह 25 से 30 हजार वोट पाकर भी सीट की मांग कर रही थी।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने कहा, "हम गठबंधन को लेकर लचीला रवैया रखते हैं। हम बातचीत के बीच में थे लेकिन बसपा ने अकेले जाने का फैसला किया है। हमें नहीं लगता कि गठबंधन न होने से कांग्रेस को कोई नुकसान होगा। हालांकि गठबंधन हो जाता तो बेहतर होता।"

Similar News