लाड़ली बहना योजना की राशि में होगी चरणबद्ध वृद्धि: मुख्यमंत्री ने सतना जिले में मातृशक्ति उत्सव के अंतर्गत महिला सम्मेलन को किया संबोधित...

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने शनिवार को सतना जिले के सिंहपुर में आयोजित मातृशक्ति उत्सव के अंतर्गत आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।

Update: 2025-07-26 15:31 GMT

सतना, (नवस्वदेश)। भारत की कुटुम्ब या परिवार परम्परा हमारी संस्कृति को समृद्ध और सशक्त बनाती है। परिवार परम्परा का आधार मातृशक्ति ही है। बेटियां एक ही नहीं दो परिवारों का उद्धार करती हैं। बहन-बेटियों के प्रति इस सम्मान के परिणामस्वरूप ही प्रदेश में लाड़ली बहना योजना आरंभ की गई। सावन के महीने में लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रूपए के साथ 250 रूपए अतिरिक्त रूप से आने वाले हैं। यह बहन-बेटियों प्रति हमारी सरकार का आदर और स्नेह है। उक्त आशय के उद्गार प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने शनिवार को सतना जिले के सिंहपुर में आयोजित मातृशक्ति उत्सव के अंतर्गत आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सब भारत माता पर सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए सदैव तत्पर हैं। आज का मातृशक्ति सम्मेलन- माताओं-बहनों के प्रति सनातन संस्कृति के अनुरूप अनन्य श्रद्धा-स्नेह-प्रेम और सम्मान का प्रकटीकरण है।

सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को जारी की जाने वाली राशि में चरणबद्ध रूप से वृद्धि होगी और वर्ष 2028 तक बहनों को तीन हजार रूपए प्रतिमाह उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं। इनके मान-सम्मान और कल्याण के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे। दीपावली के बाद आने वाली भाईदूज तक राज्य सरकार सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपए से बढ़ाकर हर माह 1500 रूपए सहायता राशि देगी।

सतना-रीवा क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई के लिए पर्याप्त जल

डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की जिन्दगी बदलने के लिए उन्हें बिजली में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोलर पम्प पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। अगले डेढ़ माह में बरगी नहर का कार्य पूर्ण हो रहा है, इससे रीवा-सतना क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। हमारी सरकार ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है और हम इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अगले दो साल में 2700 रूपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के माध्यम से शीघ्र ही गरीबों के लिए 4 करोड़ आवास स्वीकृत होने वाले हैं।

जिसके घर गाय वह गोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए गौपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, इससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि से परिवार के सभी सदस्यों को पर्याप्त पोषण भी उपलब्ध हो सकेगा। अत: सरकार घर-घर गौपालन को प्रोत्साहित करने के लिए 'जिसके घर गाय वह गोपालÓ के भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश में देश का 9 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन होता है, इसे 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। यदि कोई गौ-पालक 25 गायों का पालन करता है तो उन्हें लागत के 40 लाख रूपए में से 10 लाख रूपए अनुदान के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे।

सतना को बनाएं प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जिला

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा-सतना क्षेत्र में पर्याप्त औद्योगिक गतिविधियां संचालित हैं। इस क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए होमस्टे विकसित करने में राज्य सरकार सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना जिला भगवान श्रीराम से जुड़ता है अत: क्षेत्र के विकास के लिए कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को अपने गांव-मोहल्ले का उन्नयन करते हुए सतना जिले को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जिला बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाया।

93 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मातृ शक्ति उत्सव कार्यक्रम में 93 करोड़ से अधिक राशि के 232 कायोज़्ं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इन विकास कार्यों में 44 करोड़ 7 लाख की लागत के 135 कार्यों का लोकार्पण और 49 करोड़ 11 लाख की लागत के 97 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रैगाव विधानसभा क्षेत्र में सिंहपुर में प्रस्तावित सोलर प्लांट स्थापित करने की पहल की जाएगी। सरकार अक्षय ऊर्जा को बड़ावा देने सोलर पावर के लिए अनुदान भी दे रही है।




मुख्यमंत्री रक्षाबंधन का त्योहार मनाने सिंहपुर आए-विजयवर्गीय

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने सतना जिले के सिंहपुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कार्य हो रहे हैं। सतना जिले में ही 12 हजार से अधिक दीदीयां लखपति दीदी की श्रेणी में आ चुकी हैं।


प्रदेश में मजबूत हो रही नारी शक्ति-राज्यमंत्री प्रतिमा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रावण मास में रक्षाबंधन के पूर्व क्षेत्र में आकर बहनों के साथ भाई-बहन का सबसे बड़ा त्योहार उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नारी शक्ति आज सशक्त होकर मजबूत बन रही है। पंचायतीराज और नगरीय निकायों में प्रतिनिधि के रूप में अपने क्षेत्र और गांव के विकास में अपनी भागीदारी निभा रही हैं।




 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक नवाचार हुए-सांसद गणेश सिंह

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अनेक नवाचार करते हुए योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने माताओं और बहनों को सशक्तीकरण की योजनाओं से जोडऩे के साथ ही कामधेनु योजना के अंतगज़्त स्वेत क्रांति का आंदोलन भी शुरू किया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में औद्वोगिक क्रांति, पर्यटन क्रांति को बढ़ावा देने संभाग स्तर पर कॉनक्लेव का आयोजन किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Tags:    

Similar News