SwadeshSwadesh

राहुल की नागरिकता के सवाल पर प्रियंका ने संभाला मोर्चा

Update: 2019-04-30 12:51 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर विदेशी होने का आरोप लगते ही उनकी बहन एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके पक्ष में मोर्चा संभाल लिया है। राहुल पर ब्रिटिश नागरिक होने का आरोप लगा है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने राहुल से 15 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है।

राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर ऐसा बवाल मचा है कि अब उनके चुनाव लड़ने पर भी सवाल उठने लगे हैं। राहुल और राउल विंची के अंतर को स्पष्ट करने के लिए गृह मंत्रालय ने उनसे जवाब मांगा है। इस पर प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरा हिन्दुस्तान जानता है कि राहुल गांधी यानी मेरा भाई भारतीय है। राहुल हिंदुस्‍तान में पैदा हुआ, सबके सामने उसकी परवरिश हुई और सबके सामने वह बड़ा हुआ। यह पूरा विवाद बेबुनियाद है।

दरअसल भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर यह दावा किया है कि राहुल गांधी विदेशी हैं, जिस पर गृह मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए राहुल को नोटिस भेजा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने स्वामी के आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि राहुल गांधी जन्म से ही भारतीय हैं।

Similar News