SwadeshSwadesh

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर जताया शोक

Update: 2018-08-23 08:34 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर पर जारी शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन की खबर पाकर गहरा दुख हुआ है। वह एक अनुभवी संपादक और लेखक, राजनयिक और संसद सदस्य और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के मजबूत पक्षधर रहे। उनके पाठक उन्हें याद करेंगे। कोविंद ने दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने नैयर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह सामाजिक राजनीतिक बदलाव की पत्रकारिता के मूर्धन्य प्रतिनिधि थे। उनके निधन से राष्ट्र ने एक सजग पत्रकार प्रहरी खो दिया है। ईश्वर गतात्मा को चिर शांति और परिवार एवं पाठकों को धैर्य दे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कुलदीप नैयर अपने समय के बड़े बुद्धिजीवी थे। उनके विचारों में स्पष्टता और निडरता थी। आपातकाल के खिलाफ उनका कड़ा रूख, सार्वजनिक सेवा और बेहतर भारत के प्रति प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि नैयर का निधन भारतीय पत्रकारिता की बड़ी क्षति है।

शाह ने ट्विटर पर दिए शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्यसभा सदस्य कुलदीप नैयर के निधन से दुखी हूं। कुछ माह पहले नैयर से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि वह ऊर्जा और हास्य से भरे थे।

शाह ने कहा कि आपातकाल के दौरान उनके आपातकाल के खिलाफ दृढ़ रूख को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। 

Similar News