SwadeshSwadesh

म्यांमार की एक जेड खदान में हुए भूस्खलन में 113 लोगों की मौत

Update: 2020-07-02 14:15 GMT

नई दिल्ली। म्यांमार के काचिन राज्य में गुरुवार को जेड माइन में भूस्खलन होने के कारण 113 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हो गए हैं। इस घटना में 100 से ज्यादा मजदूरों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल से शवों और उसमें दबे लोगों को निकाला जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। देश के अग्निशमन विभाग और सूचना मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है।

मीडिया ने स्थानीय फायर सर्विस डिपार्टमेंट का हवाला देते हुए कहा है कि काचिन राज्य के जेड-समृद्ध हापाकांत क्षेत्र में खनिक जेड पत्थर को इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया और ये मजदूर उसके नीचे दब गए। भूस्खलन के बाद दलदल में दबने से मजदूरों की जान गई। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस भूस्खलन के बाद सैकड़ों खनिकों के दबे होने की आशंका है क्योकि भूस्खलन उनके काम करने के घंटों के दौरान हुआ है। साथ ही बचाव दल के लोग काम कर रहे हैं।

हादसा तब हुआ जब मजदूर 200- 250 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इनमें से कुछ मजदूरों की मौत डूबने से हुई, क्योंकि खदान के नजदीक बारिश की वजह से पानी भर गया था। इस इलाके में पिछले एक हफ्ते से भारी बारिश हो रही है।

उल्लेखनीय है कि काचिन राज्य में विशेषकर हपाकंत माइनिंग क्षेत्र में अक्सर भूस्खलन होते रहते हैं। इसे लैंड ऑफ जेड भी कहा जाता है। इसी क्षेत्र में साल 2015 के नवम्बर महीने में भयावह भूस्खलन हुआ था, इसमें 116 लोगों की मौत हो गई थी। 

Tags:    

Similar News