Jaipur Airport: टेकऑफ के 18 मिनट बाद एयर इंडिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो डोर खुला होने का अलर्ट

Update: 2025-07-25 11:17 GMT

Air India flight emergency landing Jaipur: एअर इंडिया की जयपुर-मुंबई फ्लाइट में शुक्रवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी सामने आई, जिससे हड़कंप मच गया। टेकऑफ के महज 18 मिनट बाद पायलट को तकनीकी दिक्कत का संकेत मिला, जिसके बाद सतर्कता दिखाते हुए विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे।

टेकऑफ के बाद मिली तकनीकी चेतावनी

फिलहाल फ्लाइट में सवार सभी 135 पैसेंजर्स विमान के अंदर ही मौजूद हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। एअर इंडिया स्टाफ के साथ-साथ जयपुर एयरपोर्ट की विशेषज्ञ तकनीकी टीम विमान की पूरी तरह से जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो टेकऑफ के बाद पायलट को कार्गो डोर खुला होने का सिग्नल मिला, जिसके चलते तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया।

23 मिनट की देरी से भरी उड़ान

दरअसल, एअर इंडिया की फ्लाइट AI-612 को शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होना था। हालांकि तकनीकी प्रक्रियाओं और तैयारियों के कारण विमान ने तय समय से 23 मिनट की देरी से उड़ान भरी। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद पायलट को एक संभावित तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला, जिसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।

टेकऑफ के कुछ समय बाद ही पायलट को कार्गो गेट खुला होने का संकेत मिला, जिसे देखते हुए उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। फ्लाइट ने उड़ान भरने के महज 18 मिनट बाद ही जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कर ली। इस घटनाक्रम पर अभी तक एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि यह फ्लाइट एयरबस A320 Neo थी।

Tags:    

Similar News