Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > देवरिया में दोहराया गया मुजफ्फरपुर कांड

देवरिया में दोहराया गया मुजफ्फरपुर कांड

बालिका संरक्षण गृह में छापा, 24 लड़कियां मुक्त कराई गईं, 18 का पता नहीं

देवरिया में दोहराया गया मुजफ्फरपुर कांड
X

देवरिया। उत्तरप्रदेश के देवरिया स्थित मां विंध्यवासिनी देवी समाज सेवा एवं प्रशिक्षण संस्थान के बालिका संरक्षण गृह में भी बिहार के मुजफ्फरपुर जैसा घिनौना कांड दोहराए जाने की आशंका है| रविवार को बालिका संरक्षण गृह से किसी प्रकार भाग कर थाने पहुंची एक दस वर्षीय बालिका की यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों के बाद पुलिस ने देर रात छापा मारा तो संरक्षण गृह से 24 लड़कियां मुक्त कराई गईं। हालांकि बालिका संरक्षण गृह के रजिस्टर में कुल 42 लड़कियों के नाम दर्ज हैं| बाकी लड़कियां कहां हैं, संरक्षण गृह की संचालिका इसका माकूल जवाब नहीं दे सकीं| पुलिस ने बालिका संरक्षण गृह की संचालिका गिरिजा त्रिपाठी और उनके पति को हिरासत में लिया है| उनसे पूछताछ और पड़ताल के बाद उनकी गिरफ्तारी की जाएगी| जिला प्रशासन ने बालिका संरक्षण गृह को अवैध बताया है| मामले की जांच जारी है|

पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने रविवार रात पौने ग्यारह बजे पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि शहर के स्टेशन रोड पर मां विंध्यवासिनी देवी समाज सेवा एवं प्रशिक्षण संस्थान के तत्वावधान में बाल गृह, बालिका गृह एवं शिशु गृह का संचालन होता है। करीब तीन वर्षों से इसे शासन से अनुदान नहीं मिल रहा था। इसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक पांडेय ने संस्था को अवैध बताते हुए नोटिस जारी की थी। करीब एक सप्ताह पूर्व उन्होंने पुलिस की मदद से यहां पर रखी गई लड़कियों को मुक्त कराने का प्रयास किया तो संस्था के लोग विरोध पर उतारू हो गए। इस वजह से टीम को वापस लौटना पड़ा था।

इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने संस्था की संचालिका गिरिजा त्रिपाठी और अधीक्षिका कंचनलता के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया था। रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने संस्था पर छापेमारी की। कार्रवाई शुरू होते ही हड़कंप मच गया। इस दौरान करीब 24 लड़कियों को मुक्त कराते हुए अपनी कस्टडी में ले लिया।

Updated : 6 Aug 2018 2:26 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top