Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > विपक्ष कहता है कि हमने क्या किया, रक्षामंत्री होने के नाते कहता हूूं...हमने भारत को मजबूत बनाया

विपक्ष कहता है कि हमने क्या किया, रक्षामंत्री होने के नाते कहता हूूं...हमने भारत को मजबूत बनाया

जीआईसी मैदान में राजनाथ सिंह को सुनने उमड़े भाजपा कार्यकर्ता व आम नागरिक

विपक्ष कहता है कि हमने क्या किया, रक्षामंत्री होने के नाते कहता हूूं...हमने भारत को मजबूत बनाया
X

आगरा। जीआइसी मैदान में हजारों की भीड़ सुबह से एकत्र होना शुरू हो गयी। दोपहर में जैसे ही केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मंच पर आए, समूचा मैदान भारत माता की जय से गुंजायमान हो उठा। वैसे अक्सर शहर में राजनेताओं को आना-जाना लगा रहा है, पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को सुनने के लिए भाजपा संगठन को जितनी उम्मींद थी, उससे कहीं अधिक लोग राजनाथ सिंह को सुनने आए, क्यों आए सुनने.! यह राजनाथ सिंह के संबोधन से स्पष्ट हो गया। राजनीतिक जीवन में अहंकार से परे, सीधी बात और सटीक बात के लिए जन के मन में स्थान बना चुके राजनाथ सिंह ने हर उस बात को अपने संबोधन में स्थान दिया, जिसे जनता जानना चाहती थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में लगातार पिछेल 9 साल से सरकार काम कर रही है, ये 9 साल अच्छा काम किया है या बुरा ये आप लोग जानते होंगे, पर एक बात तय है कि आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। पूरी दुनियां हमको गंभीरता से सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष कहता है कि मोदी ने लोकतंत्र की हत्या की है, इस पर मेरा विपक्ष से सवाल है कि अगर लोकतंत्र की हत्या हुई तो आप हाल ही में कई स्टेट में चुनाव कैसे जीते, सच्चाई यह है कि अगर लोकतंत्र की हत्या भी हुई है, तो वो काँग्रेस ने की है। अब विपक्ष एकजुट होकर जनता की आंख में धूल झोककर राजनीति करना चाहता है। ऐसा कभी नही होगा, क्योंकि भाजपा ने कभी जाति पाति के नाम पर नही, बल्कि, भाईचारे और विकास के नाम पर राजनीति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी निर्णय लिए, वह ऐतिहासिक थे। कोरोना काल से लेकर अबतक सभी को दो-दो वैक्सीन लग चुकी हैं। हमने सिर्फ अपने देश में नहीं, बल्कि 120 देशों में टीके लगाने के काम किया। हमने कोरोना में बेरोजगार परिवारों को 5 किलो मुफ्त राशन वितरण करने का काम किया। उसके बाद भी विपक्ष कहता है कि हमने क्या किया, आज रक्षा मंत्री होने के नाते कहता हूं कि आज हमारा भारत एक मजबूत भारत बन चुका है, जिसका उदाहरण हमनें सीमा पार जाकर दुश्मनों को पछाड़ कर दिया है।

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के पथ पर है उप्र

अपने आगरा प्रवास के क्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सबसे पहले कागारौल में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश और हमारा प्रदेश लगातार विकास के पथ पर है, हमें जल्द अयोध्या में भव्य रामन्दिर भी पूर्ण देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के पथ पर अग्रसर है उप्र। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान के लिए काम हो रहा है और मुफ्त राशन मिल रहा है। उप्र की कानून व्यवस्था को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुरुस्त बनाया है। किसी भी राज्य के विकास के लिए यह सबसे जरूरी है।

जल्द ही भारत की अर्थव्यवस्था तीसरे स्थान पर होगी

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका की यात्रा की है, सबने देखा, जब उन्होंने वहां भाषण दिया, तो 15 बार वहां के सांसदों ने उठकर प्रधानमंत्री की तारीफ की, मैं आपको यकीन दिलाता हूँ कि जल्द भारत की अर्थव्यवस्था तीसरे स्थान पर होगी। आज जी-20 जैसे बड़े सम्मेलन भारत में हो रहे हैं, हम उसकी अगुवाई कर रहे हैं, यह बड़े गर्व की बात है, हमने कश्मीर में धारा-370 हटाने का काम किया। यह केवल भाजपा कर सकती थी।

नफ रत का बाजार और मोहब्बत की दुकान पर ली चुटकी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण के दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा एक पार्टी के नेता देश में मोहब्बत की दुकान खोलने के नाम पर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने जनता से पूछा क्या आपके शहर में मोहब्बत की दुकान है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी नफरत की राजनीति नहीं करती है हमने बिना भेदभाव के सरकार की हर योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम किया है।

जीआईसी मैदान में इनकी रही उपस्थिति

जीआईसी मैदान में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का भाजपा महानगर अध्यक्ष भानू महाजन के साथ महानगर के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य, क्षेत्रीय महामंत्री हेमंत राजपूत, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक डॉ जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन अशफाक सैफी, महेश शर्मा, नीरज गुप्ता मनोज गर्ग, नवीन जैन, नागेंद्र दुबे, शैलू पंडित,सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन हेमंत भोजवानी, डॉ यादवेंद्र शर्मा ने किया।

Updated : 25 Jun 2023 8:39 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top