सपा सरकार होती तो आगरा में बनता एयरपोर्ट - अखिलेश

आगरा। मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संजय प्लेस स्थित सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के आवास पर पहुंचे। वे यहां रामजी लाल सुमन की दिवंगत पत्नी प्रेमवती सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे। इस बीच पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। कानून व्यवस्था इस कदर ध्वस्त हो रखी है कि जेल में भी हत्या हो रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूपी दौरे पर उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं का दोबारा शिलान्यास कर रहे हैं, अच्छी बात है। राहुल गांधी का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा कि राहुल पूरी तरह भारतीय हैं लेकिन भाजपा जाति के नाम पर झगड़े कराती है। दूसरों के धर्म पर उंगली उठाने वाले खुद बताएं कि वो हिंदू हैं या नहीं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा विकास रोक रही है। मेट्रो को रोकने का काम भी भाजपा ने किया है। देश की जनता भी ये बात समझ चुकी है। उसने भाजपा को नंबर देने शुरू कर दिए हैं। इसका उदाहरण नूरपुर और कैराना चुनाव हैं। वहीं गठबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन की स्थिति काफी अच्छी है।
भाजपा महागठबंधन से डर रही है। और अब देश को नए प्रधानमंत्री की जरूरत है। महागठबंधन का चेहरा कौन होगा, इस सवाल का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। ये लोकसभा चुनाव से पहले या बाद में तय कर लिया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि शहरवासियों की मांग के बावजूद एयरपोर्ट आगरा में एयरपोर्ट नहीं बनाया, जबकि ये पर्यटन नगरी है। यदि सपा की सरकार होती तो एयरपोर्ट आगरा में ही बनता।
पूर्व जिपं अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा में प्रवेश के बाद सीधे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी धर्मपत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रही प्रेमवती सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित कर संवेदना प्रकट की।
एसिड पीडि़तों को दिया मदद का भरोसा
महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शीरोज कैफे एसिड पीडि़तों से मिले और उन्हें मदद का भरोसा दिया। अखिलेश यादव ने कहा सरकार आने पर इससे बड़ा आगरा में एसिड पीडि़तों के लिए कैफे बनाएंगे।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगरा आगमन पर समाजवादियों ने उनका भव्य स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार के नेतृत्व में लखनऊ एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर उन पर पर फूलों की बारिश की गई।
