Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > ताज महोत्सव-श्रद्धांजलि सभा के साथ शुरू होगा परंपरा का उत्सव

ताज महोत्सव-श्रद्धांजलि सभा के साथ शुरू होगा परंपरा का उत्सव

ताज महोत्सव-श्रद्धांजलि सभा के साथ शुरू होगा परंपरा का उत्सव
X

ताज महोत्सव-श्रद्धांजलि सभा के साथ शुरू होगा परंपरा का उत्सव

महोत्सव में दिखेगी लघु भारत की झलक

देश के शिल्पी करेंगे अपने उत्पादों का प्रदर्शन

राज्यपाल रामनाईक आज करेंगे 28वें ताजमहोत्सव का शुभारंभ

18 से 27 फरवरी तक मुक्ताकाशीय मंच पर नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां

आगरा। उप्र की संस्कृति, शिल्पकला एवं व्यंजनों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1992 से प्रारंभ प्रसिद्ध ताजमहोत्सव का 28 वां आयोजन आज सोमवार से शुरू हो रहा है। 'परंपरा' थीम पर आयोजित इस वर्ष के ताजमहोत्सव का शाम 7 बजे प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक उद्घाटन करेंगे। ताजमहोत्सव में देश भर के विभिन्न प्रांतों के शिल्प अपने उत्पादों के साथ महोत्सव स्थल शिल्पग्राम में पहुंच गए है।

ताज महोत्सव में भारतीय संगीत एवं नृत्य परंपरा की विभिन्न विधाओं का समावेश किया गया है। जिसमें कथक, कुचिपुड़ी नृत्य, भोजपुरी गायन, क्वाली, शास्त्रीय गायन, ब्रज के लोकगीत व भगवान राम पर आधारित नृत्य नाटिका का भी मंचन किया जाएगा। रविवार को शिल्पग्राम में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए महोत्सव समिति के अध्यक्ष व मंडलायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ देश के नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी। साथ ही प्रतिदिन एक विशिष्ट व्यक्तित्व का मार्गदर्शन मंच से रहेगा। समिति के सचिव व उप निदेशक पर्यटन अमित श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव में करीब 325 दुकानें शिल्पियों के लिए बनायी गईं हैं। महोत्सव में प्रवेश के लिए 50 रू. का शुल्क रखा गया है। तीन वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी एनजी रविकुमार, एडीएम सिटी केपी सिंह, एसपी सिटी प्रशांत वर्मा, छावनी परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. पंकज महेंदू आदि उपस्थित रहे।

कहरई शहीद के परिजन को देंगे पांच लाख

मंडलायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि महोत्सव की शुरूआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की जाएगी। साथ ही महोत्सव की आय में से पांच लाख रू. करहई के शहीद जवान कौशल किशोर रावत के परिजनों को दिए जाएंगे। महोत्सव में 325 शिल्पियों का पंजीयन हो चुका है। इनसे समिति को एक करोड़ 75 लाख रू. की आय होगी, जबकि 55 लाख रू. स्पॉन्सरों से मिलेंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने महोत्सव के लिए पर्यटन विभाग को 15 लाख रू. भेजे हैं।

इन नामचीन कलाकारों की रहेगी प्रस्तुति

18 फरवरी का पद्मश्री गीता महालिक का ओडिसी नृत्य

19 फरवरी को श्वेता जोशी, मांडु का शास्त्रीय गायन

20 फरवरी को उपा उथुप का पाश्र्व गायन

22 फरवरी को पं. सुरेश गंधर्व का शास्त्रीय गायन व अल्ताफ राजा की बॉडीवुड नाइट

23 फरवरी सुनील पाल एवं साथी कॉमेडी शो

25 फरवरी रितु पाठक-गायन

27 फरवरी पं. दीपक महाराज का कथक नृत्य व कुमार सानू का पाश्र्व गायन

सूरसदन में आयोजित होगा कवि सम्मेलन व मुशायरा

ताज महोत्सव में 19 से 27 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। सूरसदन में 23 फरवरी को मुशायरा व 26 फरवरी को कवि सम्मेलन आयोजित होगा। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन सदर बाजार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व आगरा कॉलेज में एक पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जा रहा है।

Updated : 17 Feb 2019 4:48 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top