Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > छावनी क्षेत्र का सिविल एरिया बढ़ाने पर बनी सहमति

छावनी क्षेत्र का सिविल एरिया बढ़ाने पर बनी सहमति

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने छावनी बोर्ड का सिविल एरिया बढ़ाने और सेवाकर की राशि शीघ्र अवमुक्त किए जाने का आश्वासन दिया है।

छावनी क्षेत्र का सिविल एरिया बढ़ाने पर बनी सहमति
X

रक्षा मंत्री से मिले सांसद प्रो. कठेरिया व छावनी बोर्ड उपाध्यक्ष

भेंटवार्ता

- रक्षामंत्री ने दिया सेवाकर राशि शीघ्र अवमुक्त करने का आश्वासन

-विकास कार्यों पर सैन्य अधिकारी करेंगे सांसद व उपाध्यक्ष से सलाह

आगरा । रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने छावनी बोर्ड का सिविल एरिया बढ़ाने और सेवाकर की राशि शीघ्र अवमुक्त किए जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह आश्वासन गुरूवार को नई दिल्ली में उनसे मुलाकात करने वाले केंद्रीय एससी आयोग के अध्यक्ष व सांसद आगरा प्रो. रामशंकर कठेरिया व छावनी बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. पंकज महेंदू को दिया। डॉ. पंकज महेंदू ने मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि वर्ष 2001 के बाद से छावनी बोर्ड का सिविल एरिया नहीं बढ़ा है तो उसे बढ़ाया जाएगा। डॉ. महेंदू ने उन्हें बताया कि सैन्य सम्पत्ति के सेवाकर की करीब तीन सौ करोड़ रू. की राशि रक्षा मंत्रालय में जमा है।

दो साल पहले बोर्ड को पांच करोड़ रू. अवमुक्त किए गए थे, पिछले साल दो ही करोड़ जारी किए गए थे। इस साल आंधी-तूफान में क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है, अत: यह राशि बढ़ायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छावनी बोर्ड को हर साल पचास करोड रू. की जरूरत पड़ती है, जिसमें से 25 करोड़ ही राजस्व वसूली से एकत्रित हो पाते हैं। डॉ. महेंदू ने छावनी के निकट खत्ताघर से तीस-चालीस हजार लोगों को हो रही परेशानी का भी जिक्र किया, जिस पर रक्षा मंत्री ने हटवाने पर सहमति जताई। डॉ. पंकज महेंदू की मांग पर रक्षा मंत्री ने छावनी क्षेत्र की दुकानों की लीज मामले का भी हल निकालने की बात कही। रक्षा मंत्री ने बताया कि छावनी बोर्ड से जुडे सैन्य अफसरों को विकास कार्यो पर अब उपाध्यक्ष व स्थानीय सांसद के साथ सलाह करना होगा। इसके लिए जल्द ही मंत्रालय से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।


-


Updated : 30 Jun 2018 3:29 PM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top