अब आप घर पर ही बिना तंदूर और ओवन के ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी बना सकते हैं। इसके लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आपको भी ढाबे या होटल वाली तंदूरी रोटी बहुत पसंद है, तो अब इसके लिए बाहर जाने की कोई जरूरत नहीं है। क्योंकि आप घर पर ही तंदूरी रोटी बना सकते हैं, वो भी बिना किसी ओवन के और एकदम ढाबा स्टाइल। इसके लिए आपको बस एक प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करना होगा, जो तंदूर जैसा काम करेगा।
तंदूरी रोटी का क्रंची स्वाद हर किसी को पसंद होता है, लेकिन यह घर पर बन नहीं पाती क्योंकि घर में तंदूर नहीं होता। लेकिन अब इसके लिए परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। आप बिना तंदूर के भी देसी जुगाड़ से होटल और ढाबे जैसी तंदूरी रोटी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले जरूरी सामग्री जान लेते हैं।
तंदूरी रोटी बनाने के लिए जरूरी सामग्री:
- 2 कप मैदा
- 1 कप गेहूं का आटा
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- चुटकी भर बेकिंग सोडा
- 1 कप हल्का गर्म दूध
- आधा कप दही
- 1 चम्मच चीनी
- स्वादानुसार नमक
- 2 चम्मच तेल
आटा तैयार करने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में हल्का गर्म दूध, दही, चीनी, नमक और तेल डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब इसमें मैदा, गेहूं का आटा, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंध लें। आटे पर थोड़ा तेल लगाकर इसे ढक दें और लगभग 30 मिनट तक सेट होने के लिए रख दें।
रोटी को दें खास फ्लेवर
आटा तैयार होने के बाद इसके छोटे-छोटे गोले बनाएं और रोटी की तरह बेल लें। अब ऊपर से बारीक कटा लहसुन, हरा धनिया और कलौंजी डालकर हल्का दबाएं और फिर से बेल लें। इससे रोटी का स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
कुकर में ऐसे बनाएं तंदूरी रोटी
तंदूर की जगह प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें। कुकर को उल्टा करके गैस पर अच्छी तरह गर्म करें। अब रोटी के एक तरफ हल्का पानी लगाएं और उसी साइड को गर्म कुकर की सतह पर चिपका दें। कुछ ही देर में रोटी फूलकर सुनहरी हो जाएगी। इसके बाद सावधानी से रोटी को निकालें और ऊपर से घी या बटर लगाएं। इस तरह आप घर पर ही स्वादिष्ट, सॉफ्ट और ढाबा जैसी तंदूरी रोटी का मजा ले सकते हैं।