गर्मियों में दूध के खराब होने से क्या आप भी परेशान हो गए हैं, तो घर पर कुछ देसी नुस्खे अपनाएं और इस समस्या से राहत पाएं
गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और गर्मियों में अक्सर सबसे बड़ी समस्या दूध को लंबे समय तक ताजा बनाए रखने की आती है। सुबह-सुबह का ताजा दूध शाम तक खराब हो जाता है या फिर उसमें से अजीब सी बदबू आने लगती है या फिर दूध का स्वाद खट्टा हो जाता है। जिसकी वजह से आपका पैसा भी जाता है और मेहनत भी।

लेकिन अब परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। क्योंकि इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि आप घर पर कैसे देसी नुस्खों से दूध को लंबे समय तक चला सकते हैं।
दूध जल्दी क्यों खराब होता है?
दरअसल, दूध जल्दी खराब होने का मुख्य कारण बैक्टीरिया होते हैं। जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, बैक्टीरिया भी तेजी से बढ़ते हैं और दूध खट्टा या फटने लगता है। अगर दूध को सही तरीके से स्टोर न किया जाए या बार-बार फ्रिज से बाहर रखा जाए, तो यह और जल्दी खराब हो जाता है। दूध को लंबे समय तक तरोताजा बनाए रखने के लिए कुछ छोटे-छोटे किचन ट्रिक्स का उपयोग कर सकते हैं। जिससे आपका दूध लंबे समय तक फ्रेश रहेगा और स्वाद भी वैसा ही बना रहेगा।

दूध लंबे समय तक फ्रेश रखने के आसान उपाय
- तुरंत उबालें: दूध घर लाने के बाद इसे तुरंत उबाल लें। इससे दूध में मौजूद बैक्टीरिया मर जाते हैं। जिससे दूध जल्दी खराब नहीं होता।
- चीनी डालें: उबालते समय 1 छोटा चम्मच चीनी डालने से दूध थोड़ी देर और लंबे समय तक ताजा रहता है। यह एक पुराना देसी जुगाड़ है, जिसे कई लोग आज भी अपनाते हैं।
- ठंडा करके स्टोर करें: उबालने के बाद दूध को पूरी तरह ठंडा करके ही फ्रिज में रखें। गर्म दूध फ्रिज में डालने से बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। जिससे कई बार बाद में इसका स्वाद बदल जाता है।
- बार-बार बाहर न निकालें: फ्रिज से बार-बार निकालने से दूध जल्दी खराब हो जाता है। कोशिश करें कि सिर्फ उतना ही दूध निकालें, जितना इस्तेमाल करना है।
- साफ और ढक्कन वाला बर्तन: हमेशा ढक्कन वाले और साफ बर्तन में ही दूध स्टोर करें। खुले बर्तन या गंदे बर्तन से दूध जल्दी खट्टा हो सकता है।
पानी और दूध की सफाई पर ध्यान देना भी जरूरी है। कभी-कभी पानी में मौजूद सूक्ष्म जीवाणु (microorganisms) भी दूध को जल्दी खराब कर सकते हैं। इसलिए उबालते समय पानी का और बर्तन का पूरी तरह साफ होना बहुत जरूरी है।

गर्मी के मौसम में इन सरल उपायों को अपनाकर आप अपने दूध को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रख सकते हैं। यह न केवल पैसे की बचत करता है, बल्कि आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद है।