मध्यप्रदेश को यूं ही टाइगर स्टेट नहीं कहा जाता, लेकिन प्रदेश के जंगलों से लगातार आ रही बाघों की मौत की खबरें चिंता बढ़ा रही हैं। अब उमरिया जिले के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक और बाघ की मौत का मामला सामने आया है। यहां 8 से 10 साल के वयस्क नर बाघ का सड़ी-गली हालत में शव मिला है। शव मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, बाघ की मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
गश्त के दौरान वनकर्मियों को मिला शव
जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की दोपहर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम नियमित पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिजौरी सर्कल के अंतर्गत देवरी-बी बीट में बीट प्रभारी और सुरक्षा श्रमिक की नजर बाघ के शव पर पड़ी।
शव की हालत सड़ी-गली थी। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद मानपुर बफर के सहायक संचालक और वन परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से खंगाला जंगल
बाघ की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसके लिए शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर और मैदानी वनकर्मियों की मदद से घटनास्थल के आसपास के जंगल को खंगाला गया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी संभावित शिकार, संदिग्ध गतिविधि या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य का पता लगाना था। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
नाखून और दांत सुरक्षित, लैब रिपोर्ट का इंतजार
19 नवंबर को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह कार्रवाई संजय टाइगर रिजर्व के चिकित्सक डॉ. अभय सेंगर और मानपुर के पशु चिकित्सक डॉ. विपिन चंद्र आदर्श ने की।
वन विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान बाघ के सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। पोस्टमार्टम के दौरान जरूरी नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।
इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत सामान्य कारणों से होने की आशंका है, लेकिन वास्तविक वजह लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
बांधवगढ़ में इस साल 13वीं मौत, प्रदेश में आंकड़ा 59
लगातार सामने आ रहे बाघों की मौत के मामलों ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया की 19 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, इस ताजा मामले के साथ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इस साल बाघों की मौत का आंकड़ा 13 हो गया है। वहीं, मध्यप्रदेश में इस साल अब तक कम से कम 59 बाघों की मौत दर्ज की गई है।
बांधवगढ़ में हुई इस मौत के बाद एक बार फिर बाघों की सुरक्षा, स्वास्थ्य निगरानी और जंगलों में गश्त की व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित हुआ है। फिलहाल वन विभाग की नजर पोस्टमार्टम और प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बाघ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।