साम्ब और छठ पूजा की सूर्योपासना परंपरा

सूर्यषष्ठी व्रत से मिली थी कृष्णपुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग से मुक्ति

मान्यता है कि कृष्णपुत्र साम्ब ने सूर्योपासना से कुष्ठ रोग से मुक्ति पाई। शाकद्वीपीय ब्राह्मणों के जरिए विकसित यह परंपरा आगे चलकर छठ पूजा के रूप में लोकप्रिय हुई।

By : नरेंद्र कुमार
सूर्यषष्ठी व्रत से मिली थी कृष्णपुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग से मुक्ति

सूर्य पूजा की प्राचीनतम परंपरा मध्यपूर्व के देशों और भारतवर्ष में अनादिकाल से विद्यमान रही है। अध्यात्म और विज्ञान को एकाकार करके देखा जाए, तो सूर्योपासना की पृष्ठभूमि में सौर ऊर्जा से काया को निरोग रखने की कामना और परंपरा दृष्टिगोचर होती है। अध्यात्म और विज्ञान को एकाकार करके मनो-मस्तिष्क को प्रखर और प्रचेतन बनाने के सबसे बड़े पैरोकार मिसाइल मैन के नाम से प्रख्यात दिवंगत राष्ट्रपति प्रोफेसर एपीजे अब्दुल कलाम साहब थे। कालांतर में अपने गर्भ में अनेक धारणाओं और वैज्ञानिक मान्यताओं को समेटे सूर्योपासना ही आगे चलकर 'सूर्यषष्ठी व्रत' या 'छठ पूजा' के रूप में विख्यात हुई।

कई पाश्चात्य लेखकों, विभिन्न धर्मग्रंथों और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के अनुसार, 'मगियों' (शाकद्वीपीय ब्राह्मणों) ने सूर्योपासना की ऐसी पद्धति विकसित की, जिसमें न सिर्फ पौरोहित्य प्रथा समाप्त हुई, बल्कि स्त्रियों तथा निम्न जातियों के लिए भी पूजा के द्वार खोलकर ऊंच-नीच का भेदभाव समाप्त किया गया। इस प्रकार मगियों ने सूर्योपासना की नई विधि प्रारंभ कर इसे देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया तथा मनुष्य, जल और सूर्य की साक्षात् आराधना को अपार लोकप्रियता दिलाई।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा प्रकाशित पुस्तक 'कोणार्क', क्लेमेंट हुआर्त की पुस्तक 'अवेस्ता', 'मग-दर्पणम', रामधारी सिंह दिनकर की 'संस्कृति के चार अध्याय' तथा भारतीय धर्मग्रंथ 'साम्ब पुराण' और 'भविष्य पुराण' में वर्णित तथ्यों के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण और जाम्बवती के पुत्र साम्ब अप्रतिम सौंदर्य के स्वामी थे। गर्व से पीड़ित होकर उन्होंने दुर्वासा ऋषि का अनादर किया था। कुपित होकर ऋषि ने साम्ब को कुष्ठ रोग से ग्रसित होने का श्राप दे दिया। वैद्य-हकीम उनका उपचार करके थक गए, लेकिन रोग से मुक्ति नहीं दिला सके। अंततः नारद जी को इसका उपाय बताने का जिम्मा मिला।

नारद जी ने साम्ब को भगवान भास्कर की पूजा करने का निर्देश दिया। श्लोक में कहा गया है-

'स्तुत्यो वन्द्यश्च पूज्यश्च तमस्येन्द्य एव च। भास्करो यदुशार्दूल ब्रह्मादीनां सदानघ।।'

अर्थात् हे यदुशार्दूल! ब्रह्मादि देवों से पूज्य, अंधकार को दूर करने वाले तथा सबके स्तुत्य, वंदनीय और पूजनीय भगवान भास्कर की पूजा करो। इससे तुम्हारा मनोरथ पूर्ण होगा। अन्य सभी उपाय निरर्थक हैं।

साम्ब ने नारद जी से पूछा कि वे भास्कर पुत्र मग ब्राह्मण कहां रहते हैं, जिन्हें वे सूर्योपासना के लिए आमंत्रित कर सकें। नारद जी ने उन्हें शाकद्वीप जाकर वहां के शाकद्वीपीय ब्राह्मणों को लाने का निर्देश दिया। इसके बाद राजा साम्ब गरुड़ पर सवार होकर शाकद्वीप गए और वहां से अठारह परिवारों वाले शाकद्वीपीय ब्राह्मणों को लेकर आए।

ओडिशा में चंद्रभागा नदी के तट पर इन ब्राह्मणों ने संपूर्ण विधि-विधान के साथ साम्ब को सूर्योपासना का व्रत कराया। इससे उनका कुष्ठ रोग दूर हो गया तथा काया पूर्व की भांति निर्मल और सौंदर्ययुक्त हो गई। आज भी चंद्रभागा नदी के तट पर साम्ब द्वारा निर्मित कराए गए सूर्य मंदिर के अवशेष विद्यमान हैं। भविष्य पुराण तथा साम्ब पुराण में इसका विस्तृत उल्लेख मिलता है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा प्रकाशित तथा देबलाल मित्र द्वारा लिखित पुस्तक 'कोणार्क' में भी इन तथ्यों का उल्लेख है। इसमें बताया गया है कि राजा साम्ब ईरान में अवस्थित शाकद्वीप से शाकद्वीपीय ब्राह्मणों को सूर्योपासना के लिए भारत लाए थे, क्योंकि स्थानीय ब्राह्मणों ने इस पूजा पद्धति को अपनाने से इनकार कर दिया था। उल्लेखनीय है कि यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित कोणार्क सूर्य मंदिर के संबंध में यह पुस्तक सर्वाधिक प्रामाणिक मानी जाती है।

इस पुस्तक में यह भी उल्लेख मिलता है कि साम्ब द्वारा चंद्रभागा नदी के तट पर सूर्योपासना के उपरांत स्थापित कराए गए मंदिरों से प्रभावित होकर राजा पुरंदर केशरी, गंगा वंश तथा राजा नरेंद्र देव ने थोड़ी ही दूरी पर कोणार्क के विख्यात सूर्य मंदिर का निर्माण करवाया, जो 13वीं सदी की अनमोल धरोहर है।

प्रख्यात पाश्चात्य लेखक एवं ईरानी विद्याविद् क्लेमेंट हुआर्त ने अपनी पुस्तक 'एशिएंट पर्शिया एंड ईरानियन सिविलाइजेशन' में लिखा है कि ईरान में मगियों ने सूर्य पूजा की प्राचीनतम परंपरा को विश्वव्यापी ख्याति दिलाई। महाभारत के भीष्मपर्व एवं वायुपुराण में भी क्षीरसागर शाकद्वीप का संबंध दर्शाया गया है। शाकस्थान, साइस्थान या सीस्तान इसी स्थान के समरूप माने गए हैं। मगियों के आगमन के साथ ही भारत में चिकित्सा, ज्योतिष तथा खगोलीय सौर विद्या का आरंभ हुआ। ईरान और यूनान के ज्योतिष से सूर्य का वैदिक नाम 'मित्र', जो अवेस्ता में 'मिश्र' के रूप में था, अपने नए रूप 'मिहिर-मिश्र' के साथ मगियों के माध्यम से भारत आया।

इसी संदर्भ में श्री डी. के. विश्वास ने अपनी पुस्तक 'द मग एन्सेस्ट्री ऑफ वराहमिहिर' में प्रख्यात खगोलशास्त्री वराहमिहिर (500 ई.) को मग अर्थात् शाकद्वीपीय ब्राह्मण सिद्ध किया है। गया जिले के गोविंदपुर अभिलेख (1137 ई.) के अनुसंधान में भी राजा साम्ब द्वारा शाकद्वीप से सूर्य पूजा के निमित्त मगियों को भारत लाए जाने का उल्लेख मिलता है। वराहमिहिर के बाद खगोलवेत्ता वाणभट्ट, जो इसी शाकद्वीपीय वर्ण के थे, का भी उल्लेख हर्षचरित में मिलता है। पटना विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व आचार्य प्रोफेसर उमाशंकर शर्मा 'ऋषि' ने भी अनेक स्थानों पर इसकी विशद चर्चा की है।

निष्कर्षतः सूर्योपासना की परंपरा ही कालांतर में सूर्यषष्ठी व्रत अथवा छठ पर्व के रूप में विकसित हुई। वराहमिहिर तथा वाणभट्ट जैसे प्रख्यात विद्वानों ने सूर्य और अन्य ग्रहों पर अपने मत प्रकट किए, जिनका अनुसरण विश्व के खगोलवेत्ताओं ने किया। आज पूर्वी भारत ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में ऊंच-नीच और महिला-पुरुष का भेदभाव भुलाकर छठ पर्व अत्यंत पवित्रता के साथ मनाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे संपन्न कराने के लिए किसी पुरोहित की आवश्यकता नहीं होती। प्रवाहयुक्त जलधारा में डूबते और उगते सूर्य को सीधे अर्घ्यदान किया जाता है। सूर्य के विकिरण से प्राप्त ऊर्जा का लाभ हड्डियों, काया और त्वचा को मिलता है। चिकित्सकीय भाषा में इसे विटामिन-डी की प्राप्ति से भी जोड़कर देखा जाता है।

डॉ. अमरनाथ पाठक

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, फिल्म कलाकार एवं मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में प्रशासनिक पदाधिकारी हैं।)

संबंधित सामग्री

Aaj Ka Panchang: कार्तिक की पावन पंचमी पर खरना का विधान, जानिए शुभ-अशुभ काल और दिनभर के मुहूर्त

Aaj Ka Panchang: कार्तिक की पावन पंचमी पर खरना का विधान, जानिए शुभ-अशुभ काल और दिनभर के मुहूर्त

4 नवंबर 2026 का पंचांग: जानें शु1भ मुहूर्त, राहुकाल और खरना का महत्व

Nov 14, 2026
CM मोहन यादव ने रथ पर सवार होकर पशुपालकों पर बरसाए फूल, बोले दुधारू पशुओं से आती है महालक्ष्मी की कृपा

CM मोहन यादव ने रथ पर सवार होकर पशुपालकों पर बरसाए फूल, बोले दुधारू पशुओं से आती है महालक्ष्मी की कृपा

ग्वालियर के कुलैथ में पशुपालक सम्मेलन में सीएम मोहन यादव रथ पर पहुंचे। उन्होंने संबल योजना के 175 करोड़ और पेंशन के 207 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।

Nov 13, 2026
Chhath Puja Rituals: छठ को क्यों कहते हैं लोक आस्था का पर्व, जानिए इतिहास और मान्यताएं

Chhath Puja Rituals: छठ को क्यों कहते हैं लोक आस्था का पर्व, जानिए इतिहास और मान्यताएं

छठ को लोक आस्था का पर्व क्यों कहा जाता है, इसका इतिहास क्या है और चार दिन तक यह कैसे मनाया जाता है, जानकारों की जुबानी इस त्योहार की अहम बातें।

Nov 13, 2026
Chhath Puja 2026: आज से छठ महापर्व का आगाज, 4 दिन तक सूर्य उपासना; जानें नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक की पूरी परंपरा 

Chhath Puja 2026: आज से छठ महापर्व का आगाज, 4 दिन तक सूर्य उपासना; जानें नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक की पूरी परंपरा 

13 नवंबर से छठ महापर्व शुरू हो गया है। 14 नवंबर को खरना, 15 को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय व्रत संपन्न होगा।

Nov 13, 2026
Chhath Puja: भोपाल में छठ की धूम, भेल बरखेड़ा घाट पर ढाई हजार परिवारों की पूजा और स्टेशनों पर छठी मैया के गीत

Chhath Puja: भोपाल में छठ की धूम, भेल बरखेड़ा घाट पर ढाई हजार परिवारों की पूजा और स्टेशनों पर छठी मैया के गीत

भोपाल में छठ की तैयारियां पूरी हैं। भेल बरखेड़ा घाट पर ढाई हजार परिवार पांचों कुंडों पर पूजा करेंगे, जबकि रेलवे स्टेशनों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं।

Nov 12, 2026