भारत से 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल, बाबर आज़म और शाहीन अफरीदी को बाहर करने की मांग तेज, पूर्व कप्तानों के तीखे बयान
युद्ध मैदान से लेकर क्रिकेट मैदान तक भारत से पाकिस्तान की हार से बवाल मचा हुआ है। दरअसल, अपनी आतंकवाद-परस्त नीतियों के कारण पाकिस्तान हमेशा से ही पूरी दुनिया में आलोचना का शिकार होता रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में घुसकर उसके आतंकी ठिकानों को तहस-नहस कर दिया। इसके बाद दोनों देशों के बीच कई समझौते रद्द कर दिए गए, जिनमें क्रिकेट भी शामिल है। यानी अब दोनों देश एक-दूसरे के देश में क्रिकेट नहीं खेलते।
चूंकि भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट खेला जा रहा है, इसलिए पहले तो पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में वह कोलंबो में खेलने को राजी हो गया। इसके बाद भारतीय क्रिकेटरों ने युद्ध मैदान की तरह पाकिस्तान की जमकर धुनाई कर दी। बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों ने भी पाकिस्तान की ऐसी बखिया उधेड़ी कि वह मैदान के किसी भी क्षेत्र में भारत के सामने टिकता नजर नहीं आया।
जैसा कि हमेशा होता आया है, भारत से मिली इस हार को पाकिस्तान पचाने को तैयार नहीं है। पाकिस्तान के कुछ बड़े नाम वाले खिलाड़ियों को टीम से बाहर किए जाने की मांग उठ खड़ी हुई है। खास बात यह है कि इस मांग के पक्षधर पूर्व दिग्गज कप्तान भी हैं, जिससे पाकिस्तान की टीम गहरे सदमे में है।भारत से 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं। टीम प्रबंधन ने खराब फॉर्म से जूझ रहे वरिष्ठ खिलाड़ियों को बाहर बैठाने का फैसला किया है। ऐसे में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से मिली 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। बल्लेबाज बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को अगले मैच से बाहर बैठाने पर विचार किया जा सकता है। यह फैसला टीम के सुपर-8 में पहुंचने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया जा रहा है, क्योंकि पाकिस्तान अब कोई भी गलती करने की स्थिति में नहीं है।भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज बगलें झांकते नजर आए। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा कि अगर यह उनके हाथ में होता तो वह बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनते। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले, लेकिन वे बार-बार नाकाम रहे। अफरीदी ने यह भी कहा कि अब इस टी20 प्रारूप में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का समय आ गया है।
शाहीन शाह अफरीदी ने दो ओवर में 31 रन लुटाए, जबकि बाबर आजम को अक्षर पटेल ने सिर्फ पांच रन पर आउट कर दिया। पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम दबाव में आने पर चुनौती पेश करने में नाकाम रही है। मियांदाद ने कहा कि बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है, लेकिन हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए।पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस करारी हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए। यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि शाहीन, बाबर और शादाब का करियर अब अवसान की ओर है। पाकिस्तान की टी20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, न कि कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की।
वहीं, पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि आपने एक ऐसे खिलाड़ी (बाबर आजम) को सुपरस्टार बना दिया है जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थिति की दुखद सच्चाई यह है कि एक समय पाकिस्तान भारत को कड़ी चुनौती देता था, लेकिन आज उसे हराने का सपना भी नहीं देख सकता।