Home > राज्य > पंचकूला में दुनिया का सबसे ऊंचे रावण के दंभ का आज होगा दहन

पंचकूला में दुनिया का सबसे ऊंचे रावण के दंभ का आज होगा दहन

पंचकूला में दुनिया का सबसे ऊंचे रावण के दंभ का आज होगा दहन
X

चंडीगढ़/स्वदेश वेब डेस्क। लंकापति रावण के दंभ का सूरज ढलते ही दहन होगा। पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित मैदान में दुनिया के सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। शुक्रवार सायं मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल में आयोजित होने वाले दशहरा पर्व में मुख्यातिथि होंगे। प्रदेश भर में शोभा यात्रा निकालने के बाद सायं को असत्य पर सत्य का प्रतीक त्योहार विजयदशमी मनाया जाएगा। शुक्रवार सुबह लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करने के साथ श्रीराम आरती में हिस्सा लिया।

दुनिया के सबसे ऊंचे रावण का रिमोट से होगा दहन

दुनिया में रावण के सबसे ऊंचे पुतले का दहन रिमोट से किया जाएगा। सेक्टर-5 स्थित मैदान में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार भी दुनिया का 210 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है। इसे लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी जगह मिल चुकी है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से बने इस पुतले में इको फ्रेंडली आतिशबाजी लगाई गई है।

पुतला बनाने वाले राणा तेजेन्द्र चौहान बताते हैं कि यह उनकी 05 महीने की मेहनत का नतीजा है। पांच महीने में बनकर तैयार हुए दुनिया के सबसे ऊंचे रावण के पुतले पर करीब 30 लाख रुपये की लागत आई है। इसमें एक हजार बांस का प्रयोग किया गया है, जबकि 3000 मीटर कपड़ा इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पुतला बनाने में 2000 मीटर मैट भी लगाया गया है। विशालकाय पुतले को खड़ा रखने के लिए लोहे का स्ट्रक्चर भी रीड की हड्डी के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। रावण के इस पुतले को रंग-बिरंगे कपड़ों और अबरी से सजाया गया है। रावण के विशालकाय पुतले में दो हजार से भी ज्यादा क्रेकर्स लगाए गए हैं। इसके अलावा फुलझड़ियां व आतिशबाजी रावण दहन के नजारे को रोमांचक बनाएगी, लेकिन प्रदूषण से बचने के लिए रावण के पुतले में इको फ्रेंडली आतिशबाजी का इस्तेमाल किया गया है।

कुरुक्षेत्र में 60 फीट ऊंचे रावण का श्रीराम के हाथों होगा दहन

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी द्वारा इस बार 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन श्रीराम के हाथों होगा। शुक्रवार दोपहर 03 बजे से ही दशहरा उत्सव कार्यक्रम आरंभ हो जाएगा। भगवान श्रीराम परिवार और उनसे सम्बद्ध झांकियां पुराने बस अड्डे से आरंभ होकर शाम करीब 05 बजे थीम पार्क पहुंचेगी। जहां राम और रावण के युद्ध में बुराई पर अच्छाई की जीत होते ही श्रीराम के हाथों रावण के 60 फुट ऊंचे पुतले का दहन होगा। दशहरा कमेटी के उपप्रधान प्रदीप झांब ने बताया कि कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी द्वारा बीते 57 वर्षों से कुरुक्षेत्र वासियों को अपनी सभ्यता और संस्कृति से जोड़ने की कवायद को जारी रखते हुए दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। सहारनपुर के कारीगर मेहताब द्वारा पिछले 35 वर्षों से कुरुक्षेत्र में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का निर्माण किया जाता है। कार्यक्रम में मुख्यातिथि थानेसर के विधायक सुभाष सुधा होंगे और इसकी अध्यक्षता पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा करेंगे।

करनाल में दशहरे पर मुख्यमंत्री करेंगे रावण दहन की रस्म अदायगी

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को सेक्टर-4 स्थित मैदान में रावण दहन की रस्म अदायगी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सेक्टर-4 के ग्राउंड में दो तौरण द्वार, रावण, कुम्भकरण और मेघनाथ के विशाल पुतलो के चारो और बेरिकेडिंग, 42 फुट चौड़ाई की विशाल स्टेज, वाहनों की पार्किंग और बेरिकेडिंग के पूर्व में जनता के बैठने की व्यवस्था भी की गई है।

फरीदाबाद में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का किया जाएगा दहन

फरीदाबाद में रावण का पुतला 40 फुट लंबा, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले 37-37 फुट लंबे बनाए गए हैं। दशहरा की झांकी शुक्रवार की शाम को 05 बजे पंजाबी धर्मशाला मोहना मार्ग से शुरू होगी, जो गुप्ता होटल चौक, ऊंचा गांव बाजार, महाराजा अग्रसेन चौक, मेन बाजार, अंबेडकर चौक, बस अड्डा मार्केट, अस्पताल मार्ग से होते हुए रात के 08 बजे दशहरा मैदान में पहुंचेंगी। रावण के पुतला दहन के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और प्रदेश के पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री विपुल गोयल होंगे। समारोह की अध्यक्षता विधायक मूलचंद शर्मा करेंगे।

Updated : 19 Oct 2018 11:10 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top