Home > राज्य > महेंद्र सिंह को राज्य अतिथि का दर्जा सुरक्षा की दृष्टि से : मुख्यमंत्री

महेंद्र सिंह को राज्य अतिथि का दर्जा सुरक्षा की दृष्टि से : मुख्यमंत्री

महेंद्र सिंह को राज्य अतिथि का दर्जा सुरक्षा की दृष्टि से : मुख्यमंत्री
X

शिमला। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को हिमाचल सरकार द्वारा शिमला दौरे के दौरान राज्य अतिथि का दर्जा देने को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विधायक सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा की गई बयानबाजी को लेकर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष की इस मुददे पर सोच डिब्बे जैसी है। उन्होंने बुधवार को विधानसभा में कहा कि विपक्ष धोनी को सुविधा दिए जाने पर क्या चाहता है? धोनी को सुरक्षा की दृष्टि से राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है।

जय राम ठाकुर ने सदन में कहा कि धोनी एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। उन्हें सुरक्षा देना हमारी एक तरह की जिम्मेदारी है। हिमाचल सरकार ने सिर्फ धोनी को राज्य अतिथि का दर्जा दिया, जिसमें केवल सुरक्षा ही प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि धोनी एक ऐड फिल्म की शूटिंग के चलते शिमला आए हैं। वे अन्य किसी प्रकार की सुविधा नहीं ले रहे हैं। उनका आने - जाने व होटल में रहने का खर्चा वे स्वयं उठा रहे हैं। उनकी ठहरने की व्यवस्था खुद की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धोनी जैसी हस्तियों के आने से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। विपक्ष को इस मामले में अपनी सोच बदलने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बीते पांच साल में कांग्रेस की सरकार द्वारा बनाए गए राज्य अतिथियों की सूची निकाली जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

गौरतलब है कि धोनी 31 अगस्त तक शिमला में एक ऐड फिल्म की शूटिंग के लिए आए हुए हैं।

Updated : 29 Aug 2018 3:35 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top