vaibhav-sooryavanshi

Vaibhav Sooryavanshi: 15 की उम्र में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बने सबसे युवा कप्तान

भारतीय क्रिकेट के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है

By : मांडवी मिश्रा
Vaibhav Sooryavanshi: 15 की उम्र में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बने सबसे युवा कप्तान

Vaibhav Sooryavanshi: 15 की उम्र में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बने सबसे युवा कप्तान

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों एक ऐसा नाम लगातार सुर्खियां बटोर रहा है, जिसकी उम्र भले ही खेलने और सीखने की हो, लेकिन उसके कारनामे बड़े-बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ रहे हैं। हम बात कर रहे हैं बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की। वैभव ने एक बार फिर क्रिकेट की दुनिया में इतिहास रच दिया है। इस बार उन्होंने बल्ले से नहीं, बल्कि कप्तानी के मैदान में अपना नाम दर्ज कराया है।

दरअसल, 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 की शुरुआत हो गई है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन बिहार और सौराष्ट्र की टीमें इंदौर के होलकर स्टेडियम में आमने-सामने आईं। इस मुकाबले में बिहार की कप्तानी की जिम्मेदारी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई। मैदान पर कप्तान के रूप में उतरते ही उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बना दिया।

15 साल 232 दिन की उम्र में बने सबसे युवा कप्तान

वैभव सूर्यवंशी अब पुरुष T20 क्रिकेट इतिहास में किसी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।

इस तरह वैभव ने उनसे करीब दो साल कम उम्र में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। खास बात यह है कि वैभव को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम की कमान सौंपी है। उनके साथ सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है।

टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, 18 रन बनाकर लौटे पवेलियन

कप्तान के रूप में अपने पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनिंग करने उतरे वैभव ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने शुरुआत में आक्रामक अंदाज दिखाया और सौराष्ट्र के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की।

उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। वैभव ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया।

कप्तानी की शुरुआत भले ही बल्ले से बड़ी पारी के रूप में नहीं हुई, लेकिन रिकॉर्ड बुक में उनका नाम जरूर दर्ज हो गया।

पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुके हैं वैभव

वैभव सूर्यवंशी के लिए यह कोई पहला मौका नहीं है, जब उन्होंने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की हो। इससे पहले भी वह घरेलू क्रिकेट और IPL में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

साल 2025 में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ 58 गेंदों में शतक लगाया था। इसके साथ वह इस टूर्नामेंट में शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे।

वहीं, IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया था।

इसके अलावा वैभव भारतीय टीम के लिए T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू कर चुके हैं। न्यूजीलैंड दौरे पर उन्होंने 19 गेंदों में 45 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

अब इंडिया A के साथ अगली चुनौती

बिहार के लिए वैभव का कप्तानी सफर  शुरुआती दो मुकाबलों तक सीमित है। इसके बाद उन्हें भारत A की टीम के साथ ACC मेन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए दोहा जाना है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक खेला जाएगा।

 15 साल की उम्र में पुरुष T20 क्रिकेट का सबसे युवा कप्तान बनना वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और तेजी से बढ़ते क्रिकेट करियर का बड़ा उदाहरण है। अब देखना होगा कि आने वाले मुकाबलों में वह अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी में भी कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं

संबंधित सामग्री

आखिरी गेंद पर गूंजा भारत का जयघोष, पाकिस्तान को मात देकर बना एशिया का सरताज

आखिरी गेंद पर गूंजा भारत का जयघोष, पाकिस्तान को मात देकर बना एशिया का सरताज

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट इतिहास के यादगार मैचों में शामिल हो गया है

Nov 14, 2026
विराट कोहली ने जीरो पर आउट करने वाले मैट हेनरी को दिया खास तोहफा, VIDEO वायरल

विराट कोहली ने जीरो पर आउट करने वाले मैट हेनरी को दिया खास तोहफा, VIDEO वायरल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपने शानदार व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं

Nov 14, 2026
टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, कुलदीप यादव टेस्ट स्क्वॉड से बाहर; ऋषभ पंत की वापसी

टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, कुलदीप यादव टेस्ट स्क्वॉड से बाहर; ऋषभ पंत की वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव किया गया है।

Nov 14, 2026
रोहित-कोहली का बल्ला खामोश, पहले ओवर में तीन विकेट गंवाकर भारत के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

रोहित-कोहली का बल्ला खामोश, पहले ओवर में तीन विकेट गंवाकर भारत के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

पहले ही ओवर में ढह गई टीम इंडिया, रोहित-कोहली और अय्यर शून्य पर आउट;

Nov 13, 2026
विल यंग ने जमाया शतक, साइफर्ट ने भी दिखाया दम; भारत के सामने 334 रन की चुनौती

विल यंग ने जमाया शतक, साइफर्ट ने भी दिखाया दम; भारत के सामने 334 रन की चुनौती

<br/>भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम के सामने 334 रन का लक्ष्य रखा है

Nov 13, 2026