लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 38वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने 156 रनों का लक्ष्य रखा। इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम की पारी लड़खड़ाने के बावजूद रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर मैच का रुख बदल दिया।
रिंकू सिंह बने संकटमोचक
रिंकू सिंह ने 51 गेंदों में नाबाद 83 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में दमदार स्ट्रोक्स और अंत में आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली। आखिरी ओवर में उन्होंने दिग्वेश राठी की गेंदों पर लगातार चार छक्के जड़कर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। रिंकू की इस पारी ने केकेआर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
KKR की पारी का हाल
कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। मिडिल ऑर्डर भी ज्यादा देर टिक नहीं पाया, लेकिन रिंकू सिंह ने एक छोर संभाले रखा। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने उतरी एलएसजी ने 9 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गवां दिया है।
लखनऊ की चुनौतीपूर्ण स्थिति
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मैच बेहद अहम है। टीम लगातार चार हार के बाद अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है। कप्तान ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम की बल्लेबाजी इस सीजन में कमजोर कड़ी रही है। विशेष रूप से निकोलस पूरन का स्ट्राइक रेट इस बार काफी गिरा है, जिससे टीम पर दबाव बढ़ा है।
दोनों टीमों के लिए अहम मुकाबला
दूसरी ओर, केकेआर भी अंक तालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है। पिछली जीत के बाद टीम आत्मविश्वास में जरूर है, लेकिन इस मुकाबले में गेंदबाजों की परीक्षा होगी। कप्तान अजिंक्य रहाणे के लिए यह मैच सीजन में वापसी का अवसर भी माना जा रहा है।