Gautam Gambhir Viral Video: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट का आज निर्णायक दिन है, जहां टीम इंडिया को जीत के लिए सिर्फ ६ विकेट की जरूरत है। इस बीच टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि किस तरह किसी खिलाड़ी को वह प्लेइंग इलेवन से बाहर कर देते हैं। आखिर किस खिलाड़ी के लिए कोच ने यह बयान दिया? जानने के लिए आगे पढ़ें..
बता दें यह बयान गंभीर ने मजाकिया लहजे में दिया था। इंग्लैंड रवाना होने से पहले गौतम गंभीर, ऋषभ पंत, अभिषेक शर्मा और युजवेंद्र चहल के साथ 'द कपिल शर्मा शो' में नजर आए थे, जहां उन्होंने यह बात हंसी-मजाक के दौरान कही।
गंभीर का मजाकिया अंदाज़
'द कपिल शर्मा शो' में गौतम गंभीर का हल्का-फुल्का और मजाकिया रूप देखने को मिला, जहां उन्होंने खिलाड़ियों के साथ जमकर मस्ती की। शो के दौरान होस्ट कपिल शर्मा ने ऋषभ पंत से मजाक में पूछा कि उन्हें आईपीएल 2025 में 27 करोड़ रुपये मिले, लेकिन बल्ला कुछ खास नहीं चला। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कम पैसे पाने वाले खिलाड़ी जब अच्छा खेलते थे तो क्या पंत उनसे कहते थे... "थोड़े पैसे ले लो, लेकिन कम रन बनाओ।"
इस पर पंत ने भी मजेदार अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा, "तो क्या जब आपके शो में कोई बेहतर करता है, तो आप क्या करते हो?" कपिल ने हंसते हुए कहा, "मैं उसका सीन ही काट देता हूं।" इसी पर गौतम गंभीर ने तपाक से कहा, "तू भी ये बोल दे कि उसको मैं ड्रॉप कर देता हूं।" गंभीर की इस बात पर सेट पर मौजूद सभी लोग ठहाके मारकर हंस पड़े। शो में गंभीर का यह अलग ही अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।
एजबेस्टन में पहली जीत के करीब टीम इंडिया
एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड, जहां भारत ने आज तक कभी कोई टेस्ट मुकाबला नहीं जीता, अब उसी मैदान पर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ा है। टीम इंडिया मौजूदा टेस्ट में बेहद मजबूत स्थिति में है और उसे जीत के लिए सिर्फ 6 विकेट की जरूरत है। दूसरी तरफ इंग्लैंड के लिए इस मुकाबले में वापसी करना लगभग असंभव हो गया है।
इस ऐतिहासिक टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने दोनों पारियों में गज़ब का प्रदर्शन किया। पहले 269 और फिर 161 रन की पारी खेलते हुए कुल 430 रन बनाए। यह किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक टेस्ट में सर्वाधिक रन हैं। गिल अब दुनिया के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।