17 फरवरी 2026 को सूर्य ग्रहण शनि की राशि कुंभ में होगा। भारत में यह दृश्य नहीं होगा, पर सभी राशियों पर इसका सूक्ष्म प्रभाव पड़ेगा।
वर्ष 2026 का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को लगने जा रहा है। यह ग्रहण शनि की राशि कुंभ में लगने वाला है। लेकिन इस ग्रहण की वजह से सभी राशियों पर अलग-अलग असर पड़ने वाला है। चलिए जानते है इस सूर्य ग्रहण से किस राशि पर क्या असर पड़ेगा?
कब लगेगा सूर्य ग्रहण?
भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, इस साल का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को लगेगा। जो दोपहर 3 बजकर 26 मिनट से शुरू होकर शाम 7 बजकर 57 मिनट तक रहेगा। खास बात यह है कि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। जिसकी वजह से भारत में इसका सूतक काल भी नहीं माना जायेगा। लेकिन फिर भी इसका असर सभी 12 राशियों पर पड़ेगा।
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का राजा माना गया है और जब राहु-केतु की छाया पड़ती है, तो इसका प्रभाव व्यक्तिगत जीवन, करियर, संबंधों और आर्थिक स्थिति पर देखने को मिलता है। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों पर इस सूर्य ग्रहण का क्या असर पड़ेगा।
मेष
सूर्य ग्रहण का दिन आत्ममंथन का संकेत दे रहा है। व्यवहार में कठोरता संबंधों में दूरी ला सकती है। कार्यक्षेत्र में नई नौकरी या अवसर के संकेत मिल सकते हैं। वैवाहिक चिंता मन को विचलित कर सकती है, लेकिन साझेदारी के व्यवसाय में लाभ संभव है।
वृषभ
वृषभ राशि वालें आर्थिक रूप से संकट में फस सकते है। इसलिए आर्थिक मामलों में सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। कर्ज या बैंक संबंधी मामलों में दबाव बढ़ सकता है। प्रेम विवाह के इच्छुक जातकों को धैर्य रखने की सलाह है। नौकरी की दिशा में किए गए प्रयास सकारात्मक परिणाम दे सकते हैं। धार्मिक कार्यों में मन लगेगा।
मिथुन
मिथुन राशि वालों को मन और भावनाओं पर नियंत्रण रखना लाभकारी रहेगा। अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो सकती है। मानसिक तनाव संभव है, लेकिन योग और ध्यान से राहत मिलेगी। पुरानी बातों को छोड़कर आगे बढ़ना अपके लिए अच्छा रहेगा।
कर्क
कर्क राशि वालों का इसका विशेष लाभ मिल सकता है। करियर के क्षेत्र में शुभ समाचार मिल सकता है। कार्य में सफलता और मान-सम्मान में वृद्धि के संयोग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए समय अनुकूल है।
सिंह
इस दिन आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उच्च अधिकारियों की अपेक्षाएं बढ़ेंगी। प्रेम संबंधों पर इसका नकारात्मक असर भी पड़ सकता है। इसलिए धैर्य बनाए रखे। पारिवारिक जीवन संतुलित रहेगा और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
कन्या
नए संबंधों की शुरुआत संभव है। प्रेम या वैवाहिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। व्यवसाय में साझेदारी का प्रस्ताव मिल सकता है, लेकिन जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। सोच-समझकर उठाया गया कदम लाभ देगा।
तुला
तुला राशि वालों के करियर को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते है। नया घर खरीदने का विचार साकार हो सकता है। प्रभाव और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। करियर से जुड़े मामलों में पिता या वरिष्ठ से मिली सलाह आपके लिए लाभकारी सिद्ध हो सकती है। रिश्तों में मधुरता बनाए रखने का प्रयास करें।
वृश्चिक
गलत निर्णय आर्थिक संकट ला सकते हैं। निवेश करने से पहले गहन विचार करें। दांपत्य जीवन में तनाव की स्थिति बन सकती है। नौकरी परिवर्तन का विचार मन में आ सकता है। संयम और सूझबूझ से काम लें।
धनु
धनु राशि वालें अगर आप कोई नया काम शुरू करना चाहते है, तो उससे पहले उस से संबंधित सभी जानकारी हासिल कर लें। अहंकार से दूरी बनाकर विनम्रता अपनाएं। धन हानि की आशंका है, इसलिए विवादों से दूर रहें। प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए संयम जरूरी है।
मकर
आपके लिए समय अभी कठिन और चुनौतिपूर्ण है। इसलिए आप ऐसा कोई भी काम न करें जिसकी वजह से आप मुश्किलोंमें फस जाएं। आर्थिक मामलों में लालच से बचें। किसी षड्यंत्र या धोखे से सावधान रहें। सोच-समझकर निर्णय लेना ही बुद्धिमानी होगी। बुरी आदतों से दूरी बनाए रखना लाभदायक रहेगा।
कुंभ
कुंभ राशि वालों के लिए यह समय बेहद शुभ माना जा रहा है। जीवन में लव लाइफ या कोई नया काम शुरू हो सकता है। हालांकि आपको दूसरों की नकारात्मकता से दूर रहने की जरूरत है, नहीं तो आपका काम प्रभावित होगा।इसलिए अगर हो सके तो जोखिम लेने से बचें और हर कार्य को गंभीरता से लें। नकारात्मक लोगों से दूरी बनाकर रखें।
मीन
मीन राशि वालों पर इसका नकारात्मकता असर पड़ सकता है। असफलता से मनोबल प्रभावित हो सकता है, लेकिन मित्रों का सहयोग मानसिक शांति देगा। मनचाही जगह पर स्थानांतरण संभव है। अविवाहित जातकों के लिए प्रेम संबंधों की शुरुआत हो सकती है। यात्रा के योग भी बन रहे हैं।
सूर्य ग्रहण भले ही भारत में दृश्य न हो, लेकिन ज्योतिषीय दृष्टि से इसका प्रभाव प्रत्येक राशि पर अलग-अलग रूप में दिखाई दे सकता है। ऐसे समय में संयम, सकारात्मक सोच और विवेकपूर्ण निर्णय ही सफलता की कुंजी साबित होंगे।