Home > धर्म > जीवन-मंत्र > अब घर बैठे होंगे बाबा अचलनाथ के दर्शन

अब घर बैठे होंगे बाबा अचलनाथ के दर्शन

मोबाइल और कम्प्यूटर पर दिखेंगे बाबा

अब घर बैठे होंगे बाबा अचलनाथ के दर्शन
X

ग्वालियर। बाबा अचलनाथ (अचलेश्वर महादेव मंदिर) सदियों पुराना मंदिर है। इस मंदिर से लोगों की अटूट आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर खुलने से बंद होने तक यहां भक्तों का आना-जाना लगा रहता है। तीज त्यौहार, सावन का महीना या किसी उत्सव हो तो बात ही कुछ और होती है। स्थिति यह हो जाती है कि लोगों को घण्टों लाइनों में लगने के बाद बाबा के कहीं जाकर दर्शन हो पाते हैं। इन मौकों पर बाबा की मूर्ति और आरती तो देखने को भी नहीं मिल पाती है। बाबा के भक्तों के लिए अब खुश-खबरी यह है कि भक्तों को बाबा के दर्शन ऑनलाइन अपने मोबाइल या कम्प्यूटर पर लाइव (सीधा प्रसारण) हो सकेंगे। बाबा के भक्त शिरडी के सांई बाबा और उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर सुबह और शाम होने वाली आरती को भी लाइव अपने घर पर बैठे देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें मंदिर आने की आवश्यकता नहीं होगी। इसी के साथ अचलेश्वर महादेव मंदिर का सम्पूर्ण इतिहास और सभी कार्यक्रमों की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त हो सकेगी। भगवान के भक्तों के लिए यह व्यवस्था शीघ्र ही लागू होने वाली है।

ग्वालियर शहर में अचलेश्वर महादेव मंदिर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर और चकलेश्वर नाम के भगवान भोलेनाथ के खास मंदिर हैं। यहां बैठे भगवान भोलेनाथ के दर्शन करके भक्त अपने आप को धन्य समझते हैं, लेकिन अचलेश्वर महादेव मंदिर शहर के बीचों-बीच होने से यहां प्रतिदिन भक्तों की संख्या सबसे अधिक रहती है। कई भक्त ऐसे हैं, जो भगवान के दर्शन प्रतिदिन नहीं कर सकते हैं या उनका निवास मंदिर से बहुत दूर है या वह मंदिर आने-जाने में असमर्थ हैं, वह अब अपने घर बैठे ही भगवान के सुबह-शाम दर्शन तो कर सकेंगे ही साथ आधा घण्टे की मनोहर आरती का भी आनंद उठा सकेंगे।

ऐसे होंगे ऑनलाइन दर्शन:-

भगवान भोलेनाथ के ऑनलाइन दर्शन के लिए एक स्मार्ट फोन या कम्प्यूटर की आवश्यकता होगी, जो आज हर किसी के पास है। दर्शन के लिए हमें फेसबुक आईडी बनाना होगी। अचलेश्वर महादेव मंदिर के नाम से पेज को लाइक करना होगा। इसके बाद आप मंदिर की फेसबुक से जुड़ जाएंगे। इसके बाद फेसबुक पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन हो सकेंगे।

यह भी रहेगी व्यवस्था:-

- फेसबुक पर मंदिर की शुरूआत से लेकर आज तक की संपूर्ण ऐतिहासिक जानकारी रहेगी।

- छोटे से लेकर बड़े तक कितने अन्नकूट और भण्डारे हुए, वह भी तिथि के अनुसार दिखेंगे।

- गणपति स्थापना और बाबा की पालकी की होगी जानकारी।

- मंदिर की कार्यकारिणी में पहले कौन-कौन रहा, किसका कितना कार्यकाल रहा और नवीन कार्यकारिणी में कौन-कौन हैं? यह भी देखने के लिए मिलेगा।

- मंदिर निर्माण की सम्पूर्ण जानकारी रहेगी।

- इसी के साथ अन्य जानकारियां भी प्राप्त होंगी।

इनका कहना है:-

'बाबा अचलनाथ के दर्शन लाइव हो इस दिशा में तेज गति से कार्य चल रहा है। शीघ्र ही बाबा के भक्तों को दर्शन ऑन लाइन होना शुरू हो जाएंगे। दर्शन के साथ मंदिर से संबंधित सभी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।'

भुवनेश्वर वाजपेयी

सचिव, अचलेश्वर महादेव मंदिर सार्वजनिक न्यास

Updated : 7 Aug 2018 1:53 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top