इस साल 3 मार्च को होली मनाई जाएगी, लेकिन इसी दिन चंद्र ग्रहण भी पड़ रहा है, जिसका सीधा असर कुछ राशियों पर पड़ने वाला है।
3 मार्च को होली के दिन चंद्र ग्रहण का विशेष संयोग बन रहा है, जो सिंह राशि में लगेगा। ज्योतिषीय दृष्टि से यह ग्रहण कुछ राशियों के लिए सतर्कता का संकेत दे रहा है, जबकि कई राशियों पर इसका प्रभाव मिलाजुला रह सकता है।
आपको बता दें, 17 फरवरी को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगा था, लेकिन इसका असर भारत में देखने को नहीं मिला था। अब होली के दिन पड़ने वाला चंद्र ग्रहण विशेष महत्व रखता है। हालांकि किसी भी ग्रहण का वास्तविक प्रभाव व्यक्ति की जन्म कुंडली और ग्रहों की स्थिति पर निर्भर करता है। इस ग्रहण पर बृहस्पति की नवम दृष्टि होने से नकारात्मक प्रभाव में कमी आने की संभावना भी जताई जा रही है।
भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, आइए जान लेते हैं किन राशियों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है।
इन 4 राशियों को रहना होगा विशेष सतर्क
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण अष्टम भाव में प्रभाव डालेगा। ज्योतिष शास्त्र में अष्टम भाव को अचानक घटनाओं, उतार-चढ़ाव और मानसिक तनाव का संकेतक माना जाता है। कर्क राशि वालों के जीवन में इस दौरान पारिवारिक या पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है। घर के वातावरण में तनाव और मन में अस्थिरता महसूस हो सकती है। आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और जीवनसाथी के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। साथ ही वाणी पर संयम रखना आपके लिए बेहद आवश्यक रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के लिए यह ग्रहण सप्तम भाव में पड़ेगा, जो दांपत्य जीवन और साझेदारी से संबंधित होता है। सिंह राशि वालों के जीवन में वैवाहिक संबंधों में तनाव या दूरी की स्थिति बन सकती है। यदि पहले से कोई विवाद चल रहा है, तो उसे शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास करें। पार्टनरशिप में व्यापार करने वालों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। सामाजिक छवि और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए सोच-समझकर निर्णय लेना ही हितकर रहेगा।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण चतुर्थ भाव में प्रभाव डालेगा। यह भाव माता, सुख-सुविधा और मानसिक शांति से जुड़ा होता है। इस अवधि में घर का माहौल प्रभावित हो सकता है और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। हृदय रोग से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। प्रॉपर्टी से जुड़े बड़े फैसले या निवेश फिलहाल टालना बेहतर रहेगा। माता और परिवार के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दें।
मीन राशि
मीन राशि के लिए यह ग्रहण द्वादश भाव में पड़ेगा, जो खर्च, हानि और स्वास्थ्य से जुड़ा होता है। अनावश्यक खर्च बढ़ने की संभावना है और अनिद्रा या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में तनाव बढ़ सकता है। मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग, ध्यान और धार्मिक गतिविधियों का सहारा लेना लाभकारी सिद्ध होगा।
इन राशियों पर रहेगा मिलाजुला प्रभाव
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए ग्रहण नवम भाव में होगा। इस दौरान गुरुजनों और वरिष्ठों की सलाह आपके लिए मार्गदर्शक साबित होगी। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ सकती है और दान-पुण्य करने से मानसिक शांति मिलेगी। सकारात्मक सोच बनाए रखना आपके लिए लाभकारी रहेगा।
तुला राशि
तुला राशि के लिए यह ग्रहण पंचम भाव में पड़ेगा। निर्णय लेने में भ्रम की स्थिति बन सकती है, इसलिए जल्दबाजी से बचें। जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाकर रखें। प्रेम संबंधों में गलतफहमियां उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए संवाद बनाए रखना आवश्यक होगा।
मकर राशि
मकर राशि के लिए ग्रहण द्वितीय भाव में प्रभाव डालेगा, जो वाणी और धन से संबंधित है। इस समय अपनी भाषा पर संयम रखना बेहद जरूरी है। खान-पान में लापरवाही स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। पारिवारिक मामलों में धैर्य और समझदारी से काम लेना ही बेहतर रहेगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लिए यह ग्रहण लग्न भाव में पड़ेगा। कुंभ राशि वालों को आत्मविश्वास में उतार-चढ़ाव महसूस हो सकता है और मन में असमंजस की स्थिति बन सकती है। संबंधों में तनाव से बचने के लिए संयम और समझदारी जरूरी होगी। आत्मविश्वास बनाए रखें, लेकिन अति-आत्मविश्वास से बचना ही समझदारी होगी।
ज्योतिष के अनुसार, ग्रहण काल में सकारात्मक सोच, संयमित वाणी और आध्यात्मिक गतिविधियां नकारात्मक प्रभाव को कम करने में सहायक होती हैं। विशेष रूप से बृहस्पति की शुभ दृष्टि इस ग्रहण के दुष्प्रभाव को काफी हद तक संतुलित कर सकती है।