चार महीने के इंतजार के बाद अब एक बार फिर शहनाइयां गूंजने की तैयारी है। घरों में मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होगी और विवाह से लेकर गृह प्रवेश तक के शुभ कार्यों की रौनक लौटेगी। दरअसल, आज यानी 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
उज्जैन सहित देशभर के मंदिरों और घरों में इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। शाम को तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाएगा। हालांकि, इस बार शादी की तैयारियां करने वालों के लिए एक जरूरी बात है। गुरु की अतिचार गति के कारण विवाह के शुभ मुहूर्त पहले की तुलना में कम रहने वाले हैं।
चार महीने बाद जागेंगे भगवान विष्णु
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने तक चातुर्मास रहता है.इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन चार महीनों में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही सृष्टि का दायित्व दोबारा उन्हें सौंप दिया जाता है।
विवाह और गृह प्रवेश के शुभ कार्य शुरू
देवउठनी एकादशी के बाद विवाह, यज्ञोपवीत संस्कार, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा और नए व्यवसाय की शुरुआत जैसे मांगलिक कार्यों के लिए रास्ता खुल जाता है.हालांकि, इस बार गुरु की अतिचार गति के चलते विवाह के शुभ मुहूर्त सीमित बताए जा रहे हैं। अलग-अलग पंचांगों में गुरु की स्थिति और गणना के आधार पर विवाह की तारीखों में अंतर भी देखने को मिल सकता है.खास बात यह है कि 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर विवाह का नियमित मुहूर्त नहीं है। हालांकि, परंपरा के अनुसार कुछ लोग इस दिन को अबूझ मुहूर्त मानकर शुभ कार्य और धार्मिक संकल्प पूरे करेंगे।
शाम को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा बेहद खास मानी जाती है। इस दिन शाम को गोधूलि बेला और प्रदोष काल में तुलसी माता का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराया जाएगा.इसके लिए घरों में तुलसी के पौधे को सजाया जाता है। गन्ने का मंडप बनाकर तुलसी और शालिग्राम का विधि-विधान से विवाह कराया जाता है। महिलाएं मंगल गीत गाती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं.इस बार एकादशी पर रवियोग का संयोग भी बन रहा है, जिससे पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ गया है।
चातुर्मास के व्रत और नियमों का समापन
देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास के दौरान रखे गए व्रत और धार्मिक संकल्पों का समापन होगा। इन चार महीनों में साधु-संत और श्रद्धालु विशेष पूजा-पाठ, तपस्या और साधना करते हैं.पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु इस अवधि में राजा बलि के यहां पाताल लोक में निवास करते हैं। एकादशी पर वे वापस लौटकर सृष्टि का संचालन संभालते हैं.इस तरह देवउठनी एकादशी सिर्फ एक व्रत या त्योहार नहीं, बल्कि धार्मिक और मांगलिक आयोजनों की नई शुरुआत का प्रतीक भी है।