हर गोली का जबाव गोले से: "आतंकवादियों के जरिये प्रॉक्सी वॉर नहीं चलेगी, हम घर में घुसकर मारेंगे" - भोपाल में बोले पीएम

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर देश को विकास, वीरता और विरासत का त्रिवेणी संदेश दिया। उन्होंने जहां अहिल्याबाई होल्कर को भारत की सांस्कृतिक धरोहर की संरक्षक बताया, वहीं आतंकवाद पर सख्त रुख दिखाते हुए पाकिस्तान को सीधे शब्दों में चेतावनी दी।
देवी अहिल्याबाई को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देवी अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि देते हुए की। उन्होंने कहा,
"लोकमाता अहिल्याबाई का नाम सुनते ही मन में श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ता है। वे भारत की संस्कृति की महान संरक्षक थीं। जब देश के मंदिरों और तीर्थ स्थलों पर हमले हो रहे थे, तब उन्होंने पुनर्निर्माण का संकल्प लिया और उसे साकार किया।"
ऑपरेशन सिंदूर: आतंक के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई
प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा को लेकर दो टूक कहा,
"आतंकियों ने जब नारी शक्ति को चुनौती दी, तो वही शक्ति उनके लिए काल बन गई। ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास में सबसे बड़ी और सफल सैन्य कार्रवाई है। हमारी सेना ने दुश्मनों के घर में घुसकर आतंक के अड्डों को तबाह किया है। गोली का जवाब अब गोले से मिलेगा। सिंदूर अब भारत के शौर्य का प्रतीक बन गया है।"
इंदौर मेट्रो और सतना-दतिया एयरपोर्ट की सौगात
देवी अहिल्याबाई की जयंती पर प्रधानमंत्री ने इंदौर मेट्रो और सतना-दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण किया। उन्होंने कहा,
"ये परियोजनाएं मध्यप्रदेश में न केवल सुविधाएं बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। इंदौर की मेट्रो व्यवस्था आधुनिक भारत की तस्वीर को और संवारने वाली है।"
महिलाओं से संवाद और सम्मान
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी खुली जीप में पहुंचे, और महिलाओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उन्होंने वहां लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और महिला बुनकरों तथा ड्रोन दीदी से संवाद कर उनके नवाचार की सराहना की।
Live Updates
- 31 May 2025 12:14 PM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के सम्मान में 'स्मारक सिक्का और टिकट' जारी किया।

- 31 May 2025 12:11 PM IST
पीएम नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दतिया और सतना हवाई अड्डों सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और इंदौर मेट्रो का हरी झंडी दिखाई।


- 31 May 2025 11:56 AM IST
सीएम मोहन यादव देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे लिए आज का दिन और विशेष हो गया है क्योंकि पीएम खुद देवी अहिल्या की जन्म जयंती मनाने हमारे साथ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या का इतिहास गौरवशाली है। वे आदर्श पत्नी, आदर्श बहू और आदर्श महारानी रहीं।
पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए सीएम मोहन यादव कहते हैं, ''...प्रधानमंत्री ऐसी शासन व्यवस्था चला रहे हैं कि ऐसा लगता है जैसे पूरा शासन अहिल्याबाई होल्कर के मार्गदर्शन में चल रहा है।

- 31 May 2025 11:50 AM IST
PM Modi in Mahila Sashaktikaran Mahasammelan : भोपाल। पीएम मोदी ने मंच पर पहुंचकर देवी अहिल्याबाई की मूर्ती पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव भी मौजूद रहे। इसके बाद राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पीएम मोदी को देवी अहिल्याबाई की फोटो भेंटकर उनका स्वागत किया।


- 31 May 2025 11:42 AM IST
PM Modi in Mahila Sashaktikaran Mahasammelan : पीएम मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर देवी अहिल्या को लेकर लगी प्रदर्शनी का किया अवलोकन। इसके साथ ही हथकरघा कारीगरों से बात की।


- 31 May 2025 11:29 AM IST
पीएम मोदी ओपन जीप में जम्बूरी मैदान पहुंचे हैं। ओपन जीप में उनके साथ सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद हैं।

- 31 May 2025 11:19 AM IST
भोपाल, मध्य प्रदेश। भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें कुछ ही देर में भाग लेंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- 31 May 2025 11:06 AM IST
पीएम मोदी पहुंचे भोपाल
पीएम नरेंद्र मोदी भोपाल के जम्बूरी मैदान पहुंच गए हैं। यहाँ से पीएम मोदी इंदौर मेट्रो को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम के स्वागत के लिए हेलीपैड पर सीएम मोहन यादव समेत कई नेता मौजूद हैं। कार्यक्रम स्थल जम्बूरी मैदान में सिन्दूरी कलर की साड़ी पहनकर महिलाएं पहुंची।
- 31 May 2025 11:04 AM IST
पीएम मोदी देंगे ये सौगात
प्रधानमंत्री दतिया और सतना हवाई अड्डों का उद्घाटन करेंगे, जिससे विंध्य क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के लिए नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री इंदौर मेट्रो की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 480 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 1, 271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए पहली किस्त हस्तांतरित करेंगे।

