मध्य प्रदेश के सतना जिले के उर्दना गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के एक कुएं में टीन का टुकड़ा निकालने उतरे 39 वर्षीय निरेंद्र सिंह उर्फ निरू की जहरीली गैस से दर्दनाक मौत हो गई।
अमन शुक्ला, सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के उर्दना गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के एक कुएं में टीन का टुकड़ा निकालने उतरे 39 वर्षीय निरेंद्र सिंह उर्फ निरू की जहरीली गैस से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने के लिए कुएं में उतरा एक अन्य युवक भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।
बचाने उतरा दूसरा युवक भी बेहोश
घटना की जानकारी के मुताबिक, निरेंद्र सिंह जैसे ही कुएं के अंदर पहुंचे, वहां पहले से बनी जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। उन्हें छटपटाते देख गांव का युवक राजा कोल रस्सी के सहारे उनकी मदद के लिए कुएं में उतरा, लेकिन गैस का असर इतना तेज था कि वह भी कुछ ही देर में बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा।
ग्रामीणों और डायल-112 ने निकाला बाहर
चीख-पुकार सुनकर मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने तुरंत राजा कोल को किसी तरह कुएं से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बेहोश राजा कोल को सिविल अस्पताल उचेहरा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस बल उर्दना गांव पहुंचा और राहत व बचाव कार्य संभालते हुए कुएं से मृतक निरेंद्र सिंह के शव को बाहर निकालने की कार्रवाई में जुट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।