यूपी में 2.51 लाख किसानों को फसल नुकसान की भरपाई और 3500 परिवारों को दुर्घटना सहायता मिलाकर 460 करोड़ रुपये सीधे खातों में ट्रांसफर किए गए।
लखनऊः उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए होली त्योहार से पहले शनिवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत कुल 460 करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इस सहायता को होली से पहले किसानों के लिए खास तोहफा माना जा रहा है।
2.51 लाख किसानों को फसल नुकसान की भरपाई
खरीफ-2025 के दौरान फसल क्षति झेलने वाले 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के अंतर्गत 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बटन दबाते ही 460 करोड़ रुपये सीधे अन्नदाताओं के खातों में पहुंचे हैं। डीबीटी व्यवस्था के जरिए बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म कर दी गई है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि रविवार तक यह राशि हर हाल में लाभार्थियों के खातों में पहुंच जानी चाहिए।
कृषि ढांचे को मजबूत करने की पहल
कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय और मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की आधारशिला रखी गई। लखनऊ में ‘स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो’ और झांसी में 50 शैया छात्रावास के निर्माण की घोषणा की गई।
प्रदेश में मौसम की सटीक जानकारी के लिए लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार लगाए जाएंगे, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से पहले किसानों को समय रहते चेतावनी मिल सके।
योजना में बटाईदार भी शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पहले इसका दायरा सीमित था, लेकिन अब किसान के परिवार के सदस्यों, सह-किसानों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है। दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।
बजट को बताया किसानों के नाम
विधानसभा में पारित बजट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से तैयार यह बजट प्रदेश की समृद्धि का आधार बनेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि प्राकृतिक आपदाओं के समय डबल इंजन सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।