Rajnath Singh OM Birla Bhopal: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए देश भर के दिग्गज नेताओं के भोपाल और उनके पैतृक गांव पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगामी 12 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे, जहां वे शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
12 नवंबर को भोपाल आएंगे रक्षा मंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 नवंबर को शाम 4:40 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से शाम 5:15 बजे होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन पहुंचेंगे, जहां उनका शोक संवेदना व्यक्त करने का कार्यक्रम है। इसके पश्चात शाम 6:05 बजे वे वापस एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर दिल्ली लौट जाएंगे।
ये नेता भी आएंगे भोपाल?
शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन के बाद से लगातार राजनीतिक हस्तियों और केंद्रीय मंत्रियों का आना-जाना लगा हुआ है। बीते 4 नवंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भोपाल पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी, इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 5 नवंबर को उनके पैतृक निवास जैत पहुंचकर अपनी पत्नी के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर भी 9 नवंबर को सांत्वना देने पहुंचे थे।
आज आएंगे धामी, शिवप्रकाश और सौदान सिंह
मंगलवार, 10 नवंबर को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव शिवप्रकाश और वरिष्ठ नेता सौदान सिंह भोपाल पहुंचकर शोक व्यक्त करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी आगामी दिनों में भोपाल आने का कार्यक्रम तय है।
30 अक्टूबर को हुआ था काशीबाई का निधन
बता दें कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई का 30 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर को भोपाल स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के बाद उनके पैतृक गांव जैत ले जाया गया था, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था। सीएम डॉ. मोहन यादव सहित कई बड़े नेता अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे।