उत्तरप्रदेश में रविवार का दिन दर्दनाक भरा रहा। यूपी के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की भोर रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आने के कारण दो बड़े हादसे हो गए।
Agra-Lucknow Expressway Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 10 मिनट में दो बड़े हादसे, मचा कोहराम |
Agra-Lucknow Expressway Accident: उत्तरप्रदेश में रविवार का दिन दर्दनाक भरा रहा। यूपी के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की भोर रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आने के कारण दो बड़े हादसे हो गए। महज 10 मिनट के अंतर पर हुए इन दो हादसों में महिला और बच्चों समेत करीब 34 यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पहला हादसा: नींद का झटका और ट्रक में घुसी बस
पहला हादसा एक्सप्रेसवे पर उस समय हुआ जब एक यात्री बस तेज रफ्तार में जा रही थी। माना जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आ गई और वाहन नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
दूसरा हादसा: एक्सप्रेसवे पर पलटी बस
अभी पहले हादसे के बाद राहत कार्य शुरू ही हो रहा था कि महज 10 मिनट बाद उसी क्षेत्र के पास दूसरा हादसा हो गया। यहां भी चालक को झपकी आने की वजह से एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में भी कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें यूपीडा की टीम और पुलिसकर्मियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकाला।
मीडिया की खबरों के अनुसार दोनों हादसों में कुल 34 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कुछ यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।