दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार रात दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।
प्रमोद शर्मा, हापुड़: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार रात दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं। श्याना चौखला के पास देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार नौ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गाय को बचाने की कोशिश बनी काल
पुलिस के अनुसार दिल्ली की ओर से आ रही स्कॉर्पियो के सामने अचानक एक गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए पलटकर दूसरी लेन में जा पहुंची। उसी समय सामने से बिजनौर से दिल्ली लौट रही अर्टिगा कार आ गई और दोनों वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि स्कॉर्पियो के भी परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। राहगीर और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व राहत दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
तीन सगे भाइयों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में दिल्ली के गाजीपुर स्थित मुल्ला कॉलोनी निवासी तीन सगे भाई अबरार (48), सरफराज (40) और अफजाल (35) की मौत हो गई। बताया गया कि अर्टिगा में कुल सात लोग सवार थे, जो बिजनौर में एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे। वहीं स्कॉर्पियो में छह लोग सवार थे। हादसे में घायल हुए लोगों में इस्तेखार, शाहबाज, जुबैर, सरताज समेत अन्य लोग शामिल हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
गाय और स्कॉर्पियो-अर्टिगा की भिड़ंत
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह स्कॉर्पियो के सामने अचानक गाय का आ जाना प्रतीत हो रही है। वाहन चालक के नियंत्रण खोने से स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही अर्टिगा से भिड़ गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार की रात हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे पर आवारा पशुओं के खतरे की भयावह तस्वीर सामने छोड़ गया। तीन सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा है, जबकि घायलों के परिजन अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं।