मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में गणेशोत्सव के पावन अवसर पर आस्था और बदलाव की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है।
Sheikh Anees Sendhwa: शेख अनीस बने गणेश, छोड़ा इस्लाम, अपनाया सनातन, गणेश रखा नाम |
Sheikh Anees Sendhwa: मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में गणेशोत्सव के पावन अवसर पर आस्था और बदलाव की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। बड़वानी जिले के सेंधवा निवासी शेख अनीस ने इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया है। महादेवगढ़ मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के बीच अनीस का धर्मांतरण कराया गया। इस दौरान उन्होंने दसविधि स्नान, प्रायश्चित हवन में आहुति और संकल्प लेकर सनातन परंपरा में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अपना नया नाम गणेश रखा और महादेवगढ़ सरकार के जयकारे लगाते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की।
माता के दर्शन से बदला मन
गणेश, पूर्व नाम शेख अनीस का कहना है कि वह रेत के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और काम के सिलसिले में अक्सर सेंधवा स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर जाया करते थे। मंदिर के पवित्र वातावरण, पूजा-पाठ और सनातनी परंपराओं से प्रभावित होकर उनके मन में इस धर्म के प्रति गहरी आस्था जागी। उन्होंने बताया कि उन्होंने बिना किसी दबाव के, पूरी तरह अपनी इच्छा से सनातन धर्म में लौटने का निर्णय लिया। दसविधि स्नान और हवन-पूजन के साथ उनके जीवन की यह नई शुरुआत हुई।
सनातन में वापसी का केंद्र बना महादेवगढ़ मंदिर
खंडवा का प्राचीन महादेवगढ़ मंदिर बीते कुछ समय से सनातन धर्म में आस्था रखने वालों की 'घर वापसी' का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। इससे पहले जून माह में हरदा के बिलाल ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम विशाल रखा था, जबकि फरवरी में एक किन्नर ने भी इसी मंदिर में रीति-रिवाज से सनातन अपनाकर अपना नाम सीता रखा था।
महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि यह मंदिर सनातनी परंपरा में विश्वास रखने वालों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। अब तक यहां 16 युवक और 1 किन्नर सनातन धर्म अंगीकार कर चुके हैं, वहीं मंदिर परिसर में 90 से अधिक युवतियों का विवाह संस्कार भी संपन्न कराया जा चुका है।