सूर्यभान द्विवेदी, अमेठी: जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों की लापरवाही हजारों छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति पर भारी पड़ सकती है। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत 5,328 विद्यार्थियों के आवेदन अब भी कॉलेजों की लॉगिन आईडी में अटके हैं। आवेदन अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित है। समयसीमा नजदीक आने के बावजूद आवेदन लंबित रहने से विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।
15,637 आवेदन आए, 5,328 अब भी लंबित
जिले में छात्रवृत्ति पोर्टल पर कुल 15,637 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से शिक्षण संस्थानों ने 10,309 आवेदनों को ही अग्रसारित किया है, जबकि 5,328 आवेदन अब भी संस्थान स्तर पर लंबित हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या ने सभी शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
इन कॉलेजों में सबसे ज्यादा आवेदन अटके
लंबित आवेदनों में दशरथ देवी महाविद्यालय, आदर्श नगर शुकुल बाजार के 400 आवेदन शामिल हैं। बाबू महीपति सिंह महाविद्यालय तिलोई के 380, उमा महेश्वर महाविद्यालय फुरसतगंज के 366, राजीव गांधी विद्यापीठ पाकरगांव तिलोई के 295, राजर्षि रणंजय सिंह महाविद्यालय आसलदेव के 289 और रानी गणेश कुंवरि महाविद्यालय जामों के 204 आवेदन लंबित हैं।
15 नवंबर तक का अल्टीमेटम, संस्थानों की जिम्मेदारी तय
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी संस्थानों को अपनी लॉगिन आईडी पर लंबित आवेदनों की तत्काल समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में ऑनलाइन अग्रसारण और निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 नवंबर तक आवेदन अग्रसारित नहीं होने पर संबंधित छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की होगी।