मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Barabanki Police Encounter: पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार तमंचा-कारतूस बरामद |
श्रीनिवास त्रिपाठी, बाराबंकी: मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त की रात थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कठोलिया पुल से छेदा रोड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी ,जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा।
आरोपी पर कई मामले हैं दर्ज
घायल आरोपी की पहचान दलबाग उर्फ सोनू पुत्र जसकरन निवासी नाउनबाग, मजरे टिकठा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना मोहम्मदपुर खाला में दर्ज लूट के मुकदमे और थाना रामनगर में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था।पुलिस के मुताबिक दलबाग उर्फ सोनू के खिलाफ वर्ष 2019 से अब तक सीतापुर और बाराबंकी के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और लूट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस अब बरामद मोबाइल और बाइक के संबंध में भी जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर लूट की अन्य घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।