राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में वाहन चालकों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
CNG Price Hike: राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में वाहन चालकों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। लखनऊ और आगरा में सीएनजी के दाम में 3 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अयोध्या, उन्नाव और सुल्तानपुर में 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। कंपनी द्वारा लागू की गई नई दरें 8 अगस्त से प्रभावी हो गई हैं। ग्रीन गैस के महाप्रबंधक प्रवीण सिंह ने नई दरों की पुष्टि की है।
जानिए आपके शहर की नई दरें?
लखनऊ और आगरा: सीएनजी का दाम 102 रूपए से बढ़कर अब 105 रूपए प्रति किलो हो गया है।
अयोध्या, उन्नाव व सुल्तानपुर: इन जिलों में अब सीएनजी 101.75 रूपए प्रति किलो की दर से मिलेगी
4 महीने में 8.25 रूपए प्रति किलो तक बढ़े दाम
किफायती ईंधन के रूप में सीएनजी अपनाने वाले ऑटो, कैब और निजी वाहन चालकों की जेब पर इस बढ़ोतरी का सीधा असर पड़ रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले चार महीनों के अंदर सीएनजी की कीमतों में करीब 8.25 रूपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। गैस कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की खरीद लागत में वृद्धि होने के कारण दरों में यह बदलाव करना पड़ा है।