Gwalior Oxygen Tanker Blast: ग्वालियर के पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक फैक्ट्री परिसर में खड़ा ऑक्सीजन टैंकर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि इसके झटके दूर-दूर तक महसूस किए गए और टैंकर पूरी तरह नष्ट हो गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि या हताहत नहीं हुआ है।
फैक्ट्री में हुआ विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिव कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट्स फैक्ट्री परिसर में यह ऑक्सीजन टैंकर खड़ा था। शुक्रवार शाम अचानक हुए तेज धमाके से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास बने कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, वहीं नजदीकी औद्योगिक इकाइयों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
ग्वालियर के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमाके में टैंकर के परखच्चे उड़ गए हैं और आसपास की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित तकनीकी एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि टैंकर में विस्फोट किन कारणों से हुआ।