मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल लिया। कई जिलों में बारिश, आंधी और ओले गिरे। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 4 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने सोमवार को अचानक करवट ली। दिन में तेज धूप के बाद दोपहर को कई जिलों में काले बादलों ने डेरा डाला, जोकि तेज बरस पड़े। राजधानी भोपाल में हल्की बूंदाबांदी के अलावा कई जिलों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार नीमच में ओले गिरे हैं।
विभाग की वैज्ञानिक डॉ दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी समेत प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 6 जिलों में आंधी- बिजली के साथ ओले-बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोमवार की दोपहर को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, तो नीमच में ओले गिरे हैं। उन्होंने बताया कि अगले 4 दिनों तक ये सिस्टम सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई जिलों में बारिश तो, कुछ में आंधी चलने और ओले गिरने की संभावना रहेगी।
इन जिलों में हुई झमाझम बारिश
सोमवार को दोपहर को दक्षिणी खंडवा, बैतूल, दक्षिणी देवास, उत्तरी नीमच, श्योपुर कलां और पूर्वी खरगोन, दक्षिणी नीमच, मंदसौर,गांधी सागर अभयारण्य, अनूपपुर, अमरकंटक, सिवनी, पांढुर्ना/पेंच, दक्षिणी छिंदवाड़ा में हल्की गरज के साथ बिजली गिरने की जानकारी आई है। शाम के समय इंदौर/एपी, पश्चिम बड़वानी, दक्षिण/पूर्व धार, उत्तर देवास, शाजापुर, उत्तर रतलाम, दक्षिण उज्जैन, रीवा, दक्षिण बालाघाट और दक्षिण सागर, दक्षिण सीहोर और दक्षिण भोपाल में बिजली के साथ मध्यम तूफान और कहीं- कहीं ओलावृष्टि हुई है।
शेष जिलों में मौसम रहा शुष्क
विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अभी भी मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन बदलते सिस्टम का असर यहां भी अगले 24 घंटों में दिखने लग सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 1.6 से 1.8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया, जबकि बाकी क्षेत्रों में यह सामान्य स्तर पर बना हुआ है।
इन क्षेत्रों में आज भी गर्मी कम नहीं हुई है। न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखा। चंबल और शहडोल संभाग में यह सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रहा, जबकि अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य बना रहा, यानी रात के समय भी गर्मी का असर रहेगा।