MP Home Guard News: मध्यप्रदेश के होमगार्ड जवानों के लिए बड़ी राहत की तैयारी की जा रही है। प्रदेश के 9110 जवानों को हर तीन साल में दो महीने बिना मानदेय घर बैठाने वाला 'कॉल ऑफ' नियम खत्म हो सकता है। इस संबंध में होमगार्ड मुख्यालय ने प्रस्ताव बनाकर गृह विभाग को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जवानों को साल के पूरे 12 महीने मानदेय मिल सकेगा। इसके साथ ही प्रदेश में 5020 नए होमगार्ड जवानों की भर्ती की तैयारी भी चल रही है। इससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को सरकारी सेवा में आने का मौका मिल सकता है।
5 साल पुरानी घोषणा पर आगे बढ़ी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 मई 2025 को होमगार्ड स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कॉल ऑफ नियम खत्म करने की घोषणा की थी। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, होमगार्ड जवानों को हर तीन साल में दो महीने के लिए ड्यूटी से हटा दिया जाता है। इस दौरान उन्हें कोई मानदेय नहीं मिलता.इस व्यवस्था के कारण जवानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब होमगार्ड मुख्यालय ने नियम समाप्त करने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा है। विभागीय मंजूरी के बाद प्रस्ताव को कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।
हाईकोर्ट में पहुंचा था मामला
कॉल ऑफ व्यवस्था को लेकर होमगार्ड जवानों में लंबे समय से नाराजगी रही है। इस नियम के खिलाफ हाईकोर्ट में 450 से अधिक याचिकाएं भी दायर की गई थीं। जवानों की मांग है कि उन्हें साल के सभी 12 महीने काम और मानदेय का लाभ मिले.डीजी होमगार्ड प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के मुताबिक, कॉल ऑफ नियम समाप्त करने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा जा चुका है।
सरकार पर हर साल 18.74 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार
फिलहाल मध्यप्रदेश के होमगार्ड जवानों को भत्तों सहित हर महीने करीब 30,870 रुपये मिलते हैं। यदि कॉल ऑफ नियम खत्म होता है तो सरकार पर सालाना लगभग 18.74 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है.इस फैसले से प्रदेश के 9110 होमगार्ड जवानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। हालांकि, प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही नई व्यवस्था लागू होगी।
5020 होमगार्ड पदों पर होगी भर्ती की तैयारी
कॉल ऑफ नियम खत्म करने के साथ ही प्रदेश में होमगार्ड की नई भर्ती की तैयारी भी की जा रही है। मध्यप्रदेश में होमगार्ड के कुल 15,800 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 6690 पद खाली हैं.जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2009 के बाद से नियमित भर्ती नहीं हुई है। अब सिंहस्थ और आपातकालीन सेवाओं की जरूरत को देखते हुए 5020 जवानों की भर्ती की तैयारी है.इस भर्ती में 488 जवानों को महाकाल मंदिर में तैनात करने की योजना भी बताई गई है। नई भर्ती होने से प्रदेश में होमगार्ड बल की कमी दूर करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी।
युवाओं के लिए जरूरी बात: 5020 पदों पर भर्ती की तैयारी है, लेकिन आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी होने का इंतजार करना होगा।