मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं के द्वितीय बोर्ड परीक्षा में इस बार सिर्फ 3.42 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। 4.89 लाख छात्र पहले फेल हो चुके थे। परीक्षा से जुड़े गोपनीय कार्यों का वितरण शुरू होगा।
भोपाल। मध्यप्रदेश में सात मई से शुरू होने वाली 10 और 12वीं द्वितीय बोर्ड परीक्षा में इस बार केवल 3.42 लाख विद्यार्थी ही शामिल हो रहे हैं। सोमवार को परीक्षा आवेदन का अंतिम दिन था। शाम 5 बजे तक पंजीयन के इसी आंकड़े के साथ पोर्टल पर आवेदन समाप्त लेने का समय बंद हुआ। इस तरह 1.47 लाख फेल विद्यार्थी इस बार परीक्षा में नहीं बैठ रहे हैं। बता दें कि बोर्ड की पहली परीक्षा में कुल 4.89 लाख विद्यार्थी फेल हुए थे। अब परीक्षा से जुड़े गोपनीय कार्यों का वितरण मंगलवार से शुरू होगा।
मंडल के अधिकारियों के बताया कि परीक्षा संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। करीबन 70 प्रतिशत विद्यार्थी ही द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया है। प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों में सुरक्षित रखा जाएगा और केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधियों की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेगी। इस बार भी ऑनलाइन एप के माध्यम से परीक्षा की निगरानी होगी।
प्रदेश में बनाए 624 परीक्षा केंद्र
प्रदेश भर में कुल 624 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें राजधानी में लगभग 24 केंद्र शामिल हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले सुबह 8 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय से 15 मिनट पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से 25 मई के बीच संबंधित केंद्रों पर आयोजित होंगी, जिनकी जानकारी विद्यार्थियों को स्कूलों से प्राप्त होगी।
इनका कहना है..
बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल कहना है कि बोर्ड की तैयारियां पूर्ण माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 10-12 वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए पूरी तैयारियां कर ली है। 7 मई से परीक्षाएं शुरू होगी। नकल रोकने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। जरूरी दिशा- निर्देश संबंधित केंद्राध्यक्षों को दे चुके हैं।