धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं का ब्यौरा पेश किया।
Orchha BJP Meeting: ओरछा में MP बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, सीएम मोहन ने कांग्रेस पर साधा निशाना |
Orchha BJP Meeting: धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं का ब्यौरा पेश किया। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों और विपक्षी दलों की रणनीति पर भी खुलकर बात की।
विकास के साथ विरासत को सहेज रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। ओरछा, खजुराहो, पन्ना और दतिया जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के विकास के जरिए राज्य में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
लाड़ली बहना योजना और महिला सशक्तिकरण
महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और किसान कल्याण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए सीएम यादव ने लाड़ली बहना योजना का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, विपक्ष सवाल उठाता था कि महिलाओं को राशि कैसे दी जाएगी, लेकिन हमारी सरकार ने इसे धरातल पर उतारकर दिखाया। उन्होंने आगे कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के नए द्वार खोलने के लिए प्रतिबद्ध है।
केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर
बुंदेलखंड अंचल के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सिंचाई, पेयजल और उद्योगों के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे आने वाले समय में बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
कांग्रेस पर हमला
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कड़ा हमला भी बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्षों से अलग-अलग समाजों को बांटकर वोट बैंक की राजनीति करती आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को वास्तविक विकास से दूर रखकर केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और आज भी समाज में विभाजन की राजनीति करने का प्रयास कर रही है।