MP Bjp Meeting Today: मध्य प्रदेश BJP में लंबे समय से रूकी नियुक्तियों पर विचार करने और उनपर सहमति देने के लिए राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में एक बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई बैठकों का यह सिलसिला रात 8 बजे तक चलेगा, जिसमें संगठन के बड़े नेता से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में मौजूद रहेंगे ये बड़े नेता
भाजपा कार्यालय में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री मौजूद रहेंगे। वे दिनभर प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपनी वापसी का टिकट रात 10 बजे के बाद का ही बुक कराएं, ताकि दिनभर के कार्यक्रम में कोई बाधा न आए।
जिलों से मांगी गई जानकारियां
हाईकमान के निर्देश पर संभाग और जिला प्रभारियों को बैठक में चार सूचियों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। जिसमें जिलों में खाली पड़े पदों का ब्योरा, पार्टी मोर्चों के रिक्त जिला अध्यक्ष पदों की जानकारी और अलग-अलग प्रकोष्ठों में खाली पड़े संयोजक पदों की सूची लाने को कहा गया है। इसके अलावा प्रत्येक जिले से चार ऐसे सक्रिय और प्रमुख नेताओं के नाम, जिन्हें प्रदेश कार्यसमिति या कोर कमेटी में शामिल किया जा सके।
दिनभर का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम?
मीडिया की खबरों के अनुसार सुबह 10:30 बजे प्रदेश कार्यालय में सबसे पहले प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों की बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और सभी जिला अध्यक्षों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। वही दोपहर 2:00 से रात 8:00 बजे तक लगातार छह घंटे तक संभागवार गहन समीक्षा चलेगी। इस दौरान शिवप्रकाश और प्रदेश नेतृत्व एक-एक संभाग के नेताओं से रूबरू होकर कामकाज का फीडबैक लेंगे और रूकी नियुक्तियों पर मौके पर ही निर्णय लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के निवास पर दीपावली मिलन
रात 8 बजे बैठकों का दौर खत्म होने के बाद सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के लिए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आवास पर रात्रिभोज और दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।