उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अचानक आग का गोला बन गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान बच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यात्रियों का काफी सामान जलकर राख हो गया।
रात 2 बजे अचानक बस में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रैवल्स की प्राइवेट बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। शुक्रवार रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास अचानक बस में आग लग गई.आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस लपटों से घिर गई। बस में मौजूद यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ऐसे में चालक जितेंद्र ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। सभी यात्री किसी तरह बस से बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
एक घंटे तक जलती रही बस, दमकल ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस के देरी से पहुंचने पर यात्रियों का हंगामा
हादसे के बाद यात्रियों में पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर नाराजगी दिखाई दी। यात्रियों का आरोप था कि आग लगने के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसको लेकर उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.