मध्यप्रदेश में री-नीट परीक्षा के लिए सीआरपीएफ द्वारा कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों पर विशेष तैयारियाँ और सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
मध्यप्रदेश में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की तरफ से आयोजित री-नीट परीक्षा रविवार, 21 जून को होगी। प्रदेश के 30 जिलों में विशेष सुरक्षा के साथ परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है। इस परीक्षा को लेकर मध्यप्रदेश में उच्च स्तरीय सुरक्षा सतर्कता बरती जा रही है। इस संदर्भ में खास बात यह है कि कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है।
राजधानी के 32 केंद्रों पर कैमरे और जैमर लगाए गए हैं। हर केंद्र पर साइबर कमांडो समेत स्थानीय पुलिस गार्ड तैनात रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर शासकीय डॉक्टर और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी घड़ी लगाई जा रही है, ताकि मिनट-टू-मिनट तैयारियों पर नजर रखी जा सके।जानकारी के अनुसार, परीक्षा की तैयारियों को लेकर शनिवार को रिहर्सल होगी। पुनः परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र तक सीआरपीएफ प्रश्न पत्र पहुंचाएगी। प्रदेश के 30 जिलों में 283 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
री-नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। भोपाल में 32 केंद्रों पर 13,774 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।हर केंद्र पर डॉक्टर तैनात रहेंगे। किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर वहीं उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थियों के लिए हर केंद्र के बाहर एक बड़ी घड़ी लगाई जाएगी।परीक्षा केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मुख्य प्रवेश द्वार और केंद्र के अंदर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
परीक्षा के लिए ये हैं खास व्यवस्थाएं
-
लड़कियों की जांच के लिए अलग से फ्रिस्किंग (तलाशी) की व्यवस्था की जाएगी।
-
बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर उपलब्ध रहेंगे।
-
केंद्रों पर शौचालय और क्लॉक रूम की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
-
अभिभावकों के लिए केंद्र के बाहर टेंट लगाए जाएंगे, ताकि उन्हें धूप और बारिश से राहत मिल सके।
नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मध्यप्रदेश स्टेट साइबर मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र तक सीआरपीएफ प्रश्न पत्र पहुंचाएगी। जिले के अधिकारी इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे।मध्यप्रदेश गृह विभाग ने एडवाइजरी जारी कर दी है। किसी प्रकार की मदद या समस्या होने पर नीट अभ्यर्थी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 9479990636 पर कॉल कर सकते हैं।
रविवार को सोशल मीडिया पर रहेगी कमांडो की नजर
मध्यप्रदेश गृह विभाग नीट परीक्षा के दौरान पूरे दिन सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखेगा। अलग-अलग ऐप और वेबसाइट्स पर नजर रखने के लिए प्रदेश में 44 साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं, जो नीट परीक्षा से जुड़ी खबरों और गतिविधियों की निगरानी करेंगे।यदि सोशल मीडिया पर कोई अफवाह या दुष्प्रचार वायरल होता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ये रहेंगे परीक्षा केंद्र
नीट परीक्षा के लिए प्रदेश में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।सर्वाधिक परीक्षा केंद्र इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में बनाए गए हैं।