IPS Anurag Sujania Resigned: मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। वे सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे, जहां से राज्य सरकार ने बीते चार दिन पहले ही उनका तबादला कर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया था। सुजानिया ने सोमवार को अपना त्यागपत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा छोड़ने की वजह 'व्यक्तिगत' बताई है।
वही आईपीएस अधिकारी के अचानक इस्तीफे के बाद प्रशासनिक और पुलिस गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार तुरंत सक्रिय हो गई है।
कौन है IPS अनुराग सुजानिया?
आपको बता दें कि राजस्थान के मूल निवासी 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया को करीब 6 महीने पहले सागर जिले का एसपी नियुक्त किया गया था। सागर आने से पहले वे पीएचक्यू भोपाल में एआईजी थे। इससे पहले वे शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी रहने के अलावा मंदसौर और मुरैना जैसे बड़े जिलों के एसपी के रूप में भी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। हाल ही में राज्य सरकार ने फेरबदल करते हुए उन्हें सागर एसपी के पद से हटाकर वापस पीएचक्यू में एआईजी के पद पर अटैच कर दिया था। इसके चार दिन बाद ही उन्होंने नौकरी से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया।
क्या इस्तीफा होगा स्वीकार?
खबर लिखे जाने तक आईपीएस सुजानिया का इस्तीफा सरकार ने स्वीकार नही किया है। उनका इस्तीफा स्वीकार होगा या नही, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद से प्रदेश पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह भी बता दें कि बीते सितंबर में सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से कई मौतें हुई थी। मामले में सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश देकर आयोग बनाया था। सरकार ने उस दौरान सागर SP को नहीं हटाया गया था, लेकिन बीते दिनों पहले सागर कलेक्टर और SP दोनों को हटा दिया था।