खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप

MP Earthquake: खरगोन में भूकंप के तेज झटके, 4.5 तीव्रता से कांपी धरती; स्कूलों से बाहर भागे बच्चे

शनिवार सुबह खरगोन और आसपास के इलाकों में 4.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए। बच्चे मैदान में ले जाए गए, फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

By : नरेंद्र कुमार
MP Earthquake: खरगोन में भूकंप के तेज झटके, 4.5 तीव्रता से कांपी धरती; स्कूलों से बाहर भागे बच्चे

मध्य प्रदेश के खरगोन में शनिवार सुबह अचानक धरती कांपने लगी। कुछ सेकंड के लिए जमीन में ऐसा कंपन हुआ कि घरों में रखा सामान हिलने लगा और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सुबह करीब 9:15 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। करीब 3 से 4 सेकंड तक धरती में कंपन महसूस हुआ। खरगोन के अलावा भीकनगांव और आसपास के इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। स्कूलों में मौजूद बच्चे भी डर गए और उन्हें सुरक्षित खुले मैदान में ले जाया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

सोफा खिसका, घरों से बाहर निकले लोग

भूकंप के झटके महसूस करने वाले स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक घरों में कंपन होने लगा। घरों में रखा सामान हिलने लगा और सोफा तक अपनी जगह से खिसक गया। दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी ने बताया कि कंपन महसूस होते ही वे अपने परिवार के साथ घर से बाहर निकल आए।

स्कूल में मची हलचल, मैदान में पहुंचे बच्चे

खरगोन के सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक भवन में कंपन होने से बच्चों और स्कूल स्टाफ में हलचल मच गई। सुरक्षा को देखते हुए सभी बच्चों को तत्काल स्कूल भवन से बाहर निकालकर मैदान में पहुंचाया गया। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को भूकंप के दौरान बचाव और सुरक्षा के तरीके भी समझाए।

खरगोन से 23 किलोमीटर दूर था भूकंप का केंद्र

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर दर्ज किया गया। इसकी लोकेशन 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रही। वहीं, धामनोद से इसकी दूरी करीब 69 किलोमीटर दक्षिण में बताई गई है। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

प्रशासन अलर्ट, नुकसान की जानकारी नहीं

खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा के मुताबिक, जिले के कई इलाकों से भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी मिली है। प्रशासन की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों से जानकारी जुटाई गई है। फिलहाल कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।