सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा प्रहार किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिम्भावली...
प्रमोद शर्मा, हापुड़: सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा प्रहार किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिम्भावली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर से लदी गाड़ी पकड़ ली। जांच के दौरान पनीर बेहद अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में ड्रमों में भरा मिला। प्रथम दृष्टया पनीर मिलावटी और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतीत होने पर विभाग ने मौके पर ही जेसीबी मंगवाकर गड्ढा खुदवाया और पूरे पनीर को मिट्टी में दबाकर नष्ट करा दिया।
जांच के दौरान कार्रवाई
जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कांवड़ यात्रा को लेकर सुबह करीब आठ बजे टोडलपुर-सिम्भावली मार्ग पर सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टोडलपुर की ओर से आ रही पनीर से लदी एक गाड़ी को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में रखा पनीर ड्रमों में बिना किसी स्वच्छ व्यवस्था के भंडारित मिला, जिससे उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
200 किलो पनीर नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पनीर के दो नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया। पूछताछ में पनीर टोडलपुर निवासी जमील का बताया गया। करीब 200 किलो पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 44 हजार रुपये आंकी गई, को तत्काल नष्ट करा दिया गया ताकि यह बाजार या कांवड़ शिविरों तक न पहुंच सके।
जांच के लिए भेजे नमूने
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि पनीर मिलावटी पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल तथा सहरिश सादात सहित विभागीय टीम मौजूद रही।