Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

कैदी ने जेल प्रहरी को गोली मारी

हत्या के आरोपी कैदी ने जेल प्रहरी को मारी गोली, भागने की कोशिश नाकाम

रायसेन जिला जेल में बंद हत्या के आरोपी ने जेल प्रहरी पर गोली चलाई। प्रहरी की हालत गंभीर, भोपाल एम्स में भर्ती। जेल में सुरक्षा पर सवाल उठे।


हत्या के आरोपी कैदी ने जेल प्रहरी को मारी गोली भागने की कोशिश नाकाम

रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल के अंदर जेल प्रहरी पर देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली लगने से प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर भोपाल एम्स रेफर किया गया।

फल की टोकरी लेकर गेट पर पहुंचा था कैदी

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। कैदी नीलेश निर्वेदी फल की टोकरी लेकर जेल के गेट के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह जेल का गेट खुलवाकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर फायर कर दिया।कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में बुधवार को स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम के लिए फल लाए गए थे।

गोली लगने से प्रहरी की हालत गंभीर

गोली लगने के बाद जेल कर्मचारियों ने दिग्विजय सिंह तोमर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर अभिषेक सागर के मुताबिक, गोली पीठ के ऊपरी हिस्से में लगी और एक्स-रे में यह फेफड़े के निचले हिस्से में दिखाई दी। फेफड़े में पानी जमा होने लगा था।प्रहरी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल एम्स रेफर किया गया है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के मुताबिक, आरोपी नीलेश ठाकुर के खिलाफ पहले भी IPC की धारा 307 और 302 के मामले दर्ज रहे हैं। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जेल के अंदर ही कट्टे से फायर किया।

जेल में कट्टा पहुंचा कैसे?

इस घटना के बाद रायसेन जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जेल जैसी सुरक्षित जगह के अंदर एक विचाराधीन कैदी के पास देसी कट्टा कैसे पहुंचा?पुलिस और जेल प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार आरोपी तक किस तरह पहुंचा और सुरक्षा में कहां चूक हुई।

Related to this topic: